Delhi-NCR Pollution: दिवाली पर पटाखों की छूट से 6 दिन पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली! AQI 325, GRAP-2 लागू
Delhi-NCR Pollution: दिवाली से ठीक छह दिन पहले दिल्ली-NCR की हवा फिर बिगड़ने लगी है। राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 325 तक पहुंचने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP का दूसरा चरण यानी GRAP-2 तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
इसके तहत होटल-रेस्टोरेंट में कोयले और लकड़ी से तंदूर जलाने पर रोक, डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर सख्ती और निजी वाहनों को कम करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ाने जैसे कदम उठाए गए हैं। लोगों को सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाने की सलाह दी गई है।

तीन दिन में कैसे बिगड़ी दिल्ली की हवा?
दिल्ली में बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ था। 30 अक्टूबर को राजधानी का AQI 60 दर्ज किया गया था, जो अक्टूबर के पिछले 4 सालों में सबसे साफ दिनों में से एक रहा। लेकिन इसके बाद प्रदूषण तेजी से बढ़ने लगा।

CAQM के मुताबिक, 31 अक्टूबर को AQI 117 था, जो 1 नवंबर को बढ़कर 261 हो गया। सोमवार सुबह ही यह 300 के पार पहुंच गया और शाम 5 बजे 325 दर्ज किया गया। आयोग ने इसके पीछे प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को प्रमुख वजह बताया है। मौसम विभाग और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटियोरोलॉजी के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है।
GRAP-2 लागू होने के बाद क्या-क्या पाबंदियां रहेंगी?
GRAP यानी ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लागू की जाने वाली चरणबद्ध व्यवस्था है। इसके चार चरण होते हैं। AQI बिगड़ने के साथ पाबंदियां भी सख्त होती जाती हैं। GRAP-2 लागू होने के बाद प्रशासन को प्रदूषण के अलग-अलग स्रोतों पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं।
GRAP-2 की प्रमुख पाबंदियां
- होटल-रेस्टोरेंट में कोयले के तंदूर पर रोक: होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट में कोयले और लकड़ी जलाकर तंदूर चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके बजाय बिजली या गैस आधारित उपकरणों का इस्तेमाल करना होगा।
- पार्किंग शुल्क बढ़ेगा: निजी वाहनों का इस्तेमाल कम कराने के लिए सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क बढ़ाया जाएगा।
- डीजल जनरेटर पर सख्ती: बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि डीजल जनरेटरों पर निर्भरता कम हो। निर्धारित नियमों और छूट वाली श्रेणियों के अलावा DG सेट के इस्तेमाल पर नियंत्रण रहेगा।
- सड़कों पर पानी का छिड़काव: सड़कों की मैकेनिकल सफाई बढ़ाई जाएगी। धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव और एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल होगा।
- ट्रैफिक और वाहनों की जांच: भीड़भाड़ वाले चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात होगी। PUC सर्टिफिकेट की जांच और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई तेज की जाएगी।
- सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा: मेट्रो, RRTS और CNG-इलेक्ट्रिक बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। दफ्तरों को कर्मचारियों के लिए साझा परिवहन की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
निर्माण कार्य और फैक्ट्रियों पर भी रहेगी नजर
GRAP-2 के तहत केवल वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर ही नहीं, बल्कि धूल और औद्योगिक उत्सर्जन पर भी नियंत्रण किया जाएगा।
- निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
- खुले में कचरा और निर्माण सामग्री जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- औद्योगिक इकाइयों, ईंट भट्ठों और बिजली संयंत्रों का निरीक्षण किया जाएगा।
- उद्योगों में निर्धारित स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल की जांच होगी।
- सड़कों पर जमा धूल और कचरे को नियमित रूप से हटाया जाएगा।
क्या दिल्ली-NCR में गाड़ियों पर भी रोक लगी है?
GRAP-2 लागू होने का मतलब यह नहीं है कि सभी निजी गाड़ियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि, वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए पहले से लागू शीतकालीन उपायों को भी सख्ती से लागू किया जा रहा है। इन उपायों के तहत दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड गैर-BS-VI वाहनों की आवाजाही पर रोक का प्रावधान है। CNG, इलेक्ट्रिक वाहनों और निर्धारित विशेष श्रेणियों को छूट दी गई है। इसके अलावा पुराने पेट्रोल और डीजल वाहनों से जुड़े मौजूदा नियमों का पालन कराना भी जरूरी होगा।
लोगों को क्या करना होगा? जानें CAQM की सलाह
प्रदूषण को कम करने के लिए प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग करने की अपील की है।
- निजी गाड़ियों की जगह मेट्रो, बस और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।
- संभव हो तो कारपूलिंग अपनाएं।
- गाड़ी का प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र यानी PUC वैध रखें।
- ट्रैफिक सिग्नल पर गाड़ी का इंजन बंद रखें।
- कचरा और पत्तियां खुले में न जलाएं।
- डीजल जनरेटर का इस्तेमाल कम से कम करें।
- पटाखे जलाने से बचें।
- अपने वाहनों की नियमित सर्विसिंग कराएं।
प्रदूषण से जुड़े नियमों के उल्लंघन की शिकायत 311, ग्रीन दिल्ली और SAMEER ऐप के जरिए की जा सकती है।
मौसम की वजह से क्यों बढ़ रहा है प्रदूषण?
दिल्ली में सर्दियों की शुरुआत के साथ प्रदूषण बढ़ने की आशंका रहती है। इसकी एक बड़ी वजह मौसम में बदलाव है। जब हवा की रफ्तार कम होती है और वातावरण में नमी बढ़ती है, तो धूल, धुआं और दूसरे प्रदूषक आसानी से बिखर नहीं पाते। ये जमीन के आसपास जमा होने लगते हैं, जिससे स्मॉग की स्थिति बनती है। मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने भी सोशल मीडिया पर चेतावनी दी है कि दिल्ली-NCR में ज्यादातर AQI सेंसर 300 से ऊपर के स्तर दिखा रहे हैं। कुछ जगहों पर AQI 400-500 तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। उनके मुताबिक, उत्तर-पश्चिम दिशा से धीमी हवाएं चलने और मौसम स्थिर रहने के कारण प्रदूषक वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। उन्होंने अगले 7 से 10 दिनों तक मौसम की परिस्थितियों में खास सुधार की संभावना नहीं जताई है।
दिल्ली के किस इलाके में सबसे ज्यादा प्रदूषण?
2 नवंबर को दिल्ली के 59 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 58 का डेटा उपलब्ध था। इनमें 36 स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। जहांगीरपुरी में AQI 417 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। पांच मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता मध्यम रही, जबकि बाकी केंद्रों पर खराब श्रेणी दर्ज की गई।



Click it and Unblock the Notifications
