Delhi AQI Today: साल के आखिरी दिन बद से बदतर हुए हालात, 400 से नीचे नहीं आ रहा AQI, कब मिलेगी राहत?
Delhi AQI Today: राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण का कहर जारी है। एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी की AQI लगातार खराब स्थिति में जा रही है। साल के आखिरी दिन भी वायु प्रदूषण का प्रकोप जारी है। कई इलाकों में AQI 400 के पार है।
Delhi AQI: सोमवार को अचानक बिगड़े हालात
दिल्ली की हवा सोमवार को अचानक और ज्यादा खराब हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शाम तक राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 402 दर्ज किया गया, जो सीधे 'गंभीर' श्रेणी में आता है। दिन चढ़ने के साथ-साथ प्रदूषण बढ़ता गया और शाम होते-होते हालात और बिगड़ गए।

Delhi AQI: घना कोहरा और ठंडी हवा बनी वजह
सोमवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। ठंड बढ़ने और हवा की रफ्तार बहुत कम होने की वजह से प्रदूषण जमीन के पास ही फंसा रह गया। इससे स्मॉग और गाढ़ा हो गया। कोहरे ने विजिबिलिटी भी काफी घटा दी, जिससे सड़क और हवाई यात्रा पर असर पड़ा।
Delhi AQI: रविवार से ही खराब थी हवा
रविवार को भी दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में थी, लेकिन सोमवार को स्थिति और बिगड़ गई। मंगलवार को भी हालात में सुधार नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार कम तापमान और स्थिर हवा के कारण प्रदूषक कण ऊपर नहीं उठ पाए और पूरे दिन शहर के ऊपर जमा रहे।
Delhi AQI Today: कई इलाकों में AQI 400 के आसपास
दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में AQI खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। गाजियाबाद में AQI 422 दर्ज किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा। आनंद विहार में AQI 381 रहा, जो लंबे समय से प्रदूषण का हॉटस्पॉट माना जाता है।
दिल्ली और NCR में आज का AQI
शहर के अलग-अलग इलाकों में हवा की स्थिति इस तरह रही-
- ग्रेटर कैलाश: 238
- गाजियाबाद: 422
- पहाड़गंज: 303
- आनंद विहार: 381
- मुखर्जी नगर: 234
- सिविल लाइंस: 377
- करोल बाग: 269
- नोएडा: 327
- आईजीआई एयरपोर्ट: 330
- जनकपुरी: 330
- तुगलकाबाद: 215
- हौज खास: 315
- दिल्ली कैंट: 330
- प्रगति मैदान: 288
- जोर बाग: 217
इन आंकड़ों से साफ है कि ज्यादातर इलाकों में हवा 'खराब' से लेकर 'गंभीर' स्तर के बीच रही।
यातायात पर पड़ा असर
घने कोहरे और स्मॉग की वजह से सुबह और देर शाम के समय विजिबिलिटी बहुत कम रही। कई मुख्य सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कुछ जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। एयरपोर्ट पर भी उड़ानों में देरी की आशंका बनी रही, हालांकि दिन में स्थिति थोड़ी संभली रही।
स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता
डॉक्टरों के मुताबिक इस तरह की हवा से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी वाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। लोगों को सुबह की सैर और खुले में ज्यादा देर रहने से बचने की सलाह दी जा रही है।
GRAP के नियम लागू
प्रदूषण के गंभीर स्तर पर पहुंचते ही प्रशासन ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी है। निर्माण कार्यों पर नजर रखी जा रही है, खुले में कचरा और पत्तियां जलाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में बदलाव नहीं हुआ तो अगले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi AQI Today: सावधान! ऑरेंज अलर्ट पर राजधानी, GRAP-IV हटने के बाद AQI पहुंचा 400 पार












Click it and Unblock the Notifications