'जी20 से जुड़ी किसी बैठक में LG ने मुझे नहीं बुलाया, बीजेपी कर रही राजनीति' , दिल्ली की मंत्री आतिशी का आरोप
दिल्ली की पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर हमलावर हैं। उनका आरोप है कि जी20 परियोजनाओं के निरीक्षण के लिए उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया। इसके अलावा दिल्ली सरकार के काम का भी श्रेय एलजी ले रहे। उन्होंने बीजेपी और एलजी को जी20 शिखर सम्मेलन पर राजनीति करने से बचने की सलाह दी।
जी20 पर आतिशी ने कहा कि शिखर सम्मेलन की तैयारी पिछले दो वर्षों में दो चरणों में की गई। जिसमें बड़े बुनियादी ढांचे का काम भी शामिल था। पिछले दो महीनों में सौंदर्यीकरण का काम किया गया। देखा जाए तो ये शादी की तैयारी की तरह है। इसमें सजावट, व्यवस्थाएं आदि देखनी हैं। अभी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कों को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है।

वहीं बीजेपी का आरोप है कि जी20 समिट के लिए सिर्फ केंद्र ने पैसा दिया, इस पर केजरीवाल सरकार ने कुछ भी नहीं खर्च किया। इस पर आतिशी ने कहा कि मुझे बहुत दुख है कि बीजेपी जी20 जैसे आयोजन को लेकर राजनीति कर रही है जो राष्ट्रीय गौरव का विषय है। अगर हम इस पर लड़ेंगे, तो खबरें विदेशी दूतावासों और उनके देशों तक पहुंच जाएंगी। ये अच्छा मैसेज नहीं देगा। दिल्ली में PWD, NDMC, MCD और दिल्ली छावनी बोर्ड जैसी कई एजेंसियां सड़कों की मरम्मत कर रही हैं।
फरवरी में दिल्ली सरकार ने केंद्र से जी20 की तैयारियों के लिए 927 करोड़ रुपये मांगे लेकिन उन्होंने एक पैसा भी नहीं दिया। उन्होंने शिवलिंग के आकार के फव्वारे को लेकर भी बीजेपी और एलजी पर सवाल उठाए। आतिशी ने कहा कि हमारे देश में आस्था बहुत बड़ी चीज है। देखा जाए तो विशेष दिशाओं में शिवलिंग की स्थापना की जाती है, शुद्ध जल चढ़ाया जाता है, लेकिन एलजी ने उसका अपमान किया।
उन्होंने आगे कहा कि मैं पिछले छह महीने से पीडब्ल्यूडी मंत्री हूं, लेकिन एक बार भी उपराज्यपाल ने मुझे जी-20 से संबंधित किसी बैठक के लिए नहीं बुलाया। निरीक्षण के लिए वो सिर्फ अधिकारियों को बुलाते थे, लेकिन उनको कभी नहीं बुलाया। दिल्ली में समन्वय की जिम्मेदारी एलजी की है, लेकिन वो इसमें फेल रहे।












Click it and Unblock the Notifications