MCD Results: चांदनी महल में चली AAP की आंधी, सबसे ज्यादा मार्जिन से जीते आले मोहम्मद इकबाल
दिल्ली एमसीडी चुनाव में चांदनी महल के वार्ड से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को 17,134 वोटों के अंतर से हराया है।

Delhi MCD Election Results 2022 Hindi News Updates: दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने पहली बार ऐसी जीत दर्ज की है कि भारतीय जनता पार्टी को तीन बार का कार्यकाल छोड़कर सत्ता से निकलना पड़ा है। आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव में कई कीर्तिमान बनाए हैं और बड़ी बात ये है कि सबसे कम मार्जिन और सबसे ज्यादा मार्जिन दोनों से ही जीतने वाले उम्मीदवार इसी पार्टी के हैं। एमसीडी में सबसे ज्यादा अंतर से जीतने वाले उम्मीदवार का नाम है- आले मोहम्मद इकबाल, जिन्होंने चांदनी महल इलाके में अपने वोटों की आंधी में बाकी सभी प्रतिद्वंद्वियों को हवा में उड़ा दिया है।

सबसे कम और सबसे ज्यादा मार्जिन से भी जीता AAP का उम्मीदवार
दिल्ली एमसीडी में 250 वार्ड के लिए जो चुनाव नतीजे बुधवार को आए हैं, उसमें सबसे कम वोटों के अंतर और सबसे अधिक वोटों के अंतर से जीतने वाले दोनों ही उम्मीदवार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पार्टी के हैं। सबसे कम वोटों के अंतर से जीतने में आम आदमी पार्टी को दक्षिणी दिल्ली के चितरंजन पार्क वार्ड नंबर-171 में कामयाबी मिली है, जिसके प्रत्याशी ने भाजपा उम्मीदवार को महज 44 वोटों के अंतर से पराजित किया है। वैसे दिल्ली के 250 वार्ड में कुल 12 उम्मीदवारों को 200 से भी कम वोटों के अंतर से जीत का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इनमें से 8 सीट पर बीजेपी का उम्मीदवार जीता है और 4 सीटों पर आम आदमी पार्टी को कामयाबी मिली है।

आले मोहम्मद इकबाल 17,134 वोटों के अंतर से जीते
वहीं दिल्ली की चांदनी महल के वार्ड नंबर-76 की बात करें तो इसपर आम आदमी पार्टी की जीत बहुत ही बड़ी है। यहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मोहम्मद हामिद को कुल 17,134 वोटों के अंतर से हराया है। आले का इकबाल ऐसा बुलंद रहा कि मोहम्मद हामिद मुश्किल से 2,065 वोट ही अपने नाम जुटा पाए।

दूसरी सबसे बड़ी जीत कांग्रेस उम्मीदवार के नाम
चांदनी महल में आम आदमी पार्टी उम्मीदवार के हाथों कांग्रेस प्रत्याशी को जो करारी शिकस्त मिली है, उसका बदला पार्टी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के चौहान बांगर-वार्ड नंबर 227 पर लिया है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी शगुफ्ता चौधरी जुबैर ने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार अस्मा बेगम को 15,193 वोटों के अंतर से हराया है। यह इस चुनाव की दूसरी सबसे बड़ी मार्जिन वाली जीत है। तीसरी बड़ी मार्जिन वाली जीत पुरानी दिल्ली के बाजार सीताराम के वार्ड नंबर 78 में आम आदमी पार्टी को ही मिली है। यहां पार्टी प्रत्याशी राफिया माहिर ने कांग्रेस की ही सीमा ताहिरा को 12,886 वोटों के अंतर से पराजित किया है।

भाजपा को अलीपुर में मिला चांस
एक बार फिर लौटते हैं कम मार्जिन से जीत वाली सीटों पर। चितरंजन पार्क में आम आदमी पार्टी के आशु ठाकुर ने बीजेपी की कंचन चौधरी को सिर्फ 44 वोटों से हराया है तो दूसरी कम मार्जिन वाली सीट पर भी आम आदमी पार्टी को ही फायदा मिला है। नंद नगरी के वार्ड-220 में उसके उम्मीदवार रमेश कुमार बिसैया ने बीजेपी के केएम रिंकु को सिर्फ 54 वोटों के अंतर से हरा दिया है। लेकिन, तीसरी कम मार्जिन वाली सीट पर बीजेपी को चांस मिला है। यह अलीपुर का वार्ड नंबर 4 है, जहां भाजपा के योगेश ने आम आदमी पार्टी के दीप कुमार को महज 91 वोटों के अंतर से हरा दिया है।

कम और ज्यादा मार्जिन से जीत के मायने
स्थानीय निकाय के चुनावों में कम मार्जिन से हार या जीत आमतौर पर इस बात की ओर इशारा करता है कि या तो दो दलों या दो प्रत्याशियों को लेकर मतदाताओं में अनिश्चितता की स्थिति है या फिर दोनों प्रतिद्वंद्वी बहुत ही मजबूत हैं। जबकि, ज्यादा मार्जिन से जीत यह दिखाता है कि कोई पार्टी या उसका उम्मीदवार वोटरों का एकतरफा समर्थन जुटाने में कामयाब हुआ है। दिल्ली में एमसीडी की 250 सीटों में आम आदमी पार्टी को 134, भाजपा को 104, कांग्रेस को 9 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications