'आप कट्टर ईमानदार पार्टी, मैंने सभी सवालों के जवाब दिए', 9 घंटे की CBI पूछताछ के बाद बोले केजरीवाल
दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई दफ्तर से निकल गए। सीबीआई ने उनके साथ 9 घंटे तक पूछताछ की।

Delhi Excise Policy Arvind Kejriwal: दिल्ली शराब नीति मामले में 9 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सीबीआई ऑफिस से निकल गए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई दफ्तर पहुंचे थे।
सीबीआई दफ्तर से बाहर निकलने पर सीएम केजरीवाल ने कहा कि 9 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ हुई। मैंने सभी सवालों के जवाब दिए। पूरा कथित शराब घोटाला झूठी और घटिया राजनीति है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार पार्टी है। वे आप को खत्म करना चाहते हैं लेकिन देश की जनता हमारे साथ है।
इस बीच हजारों आप कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। दिल्ली पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए सीबीआई मुख्यालय और सेंट्रल दिल्ली के पास धारा 144 लागू कर दी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राघव चड्ढा समेत कई आप नेता सीबीआई मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
वहीं, दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका व्यक्त करते हुए एक अपात बैठक शुरू की है, जो आम आदमी पार्टी दिल्ली के संयोजक गोपाल राय की अध्यक्षता में हो रही है। पार्टी सूत्रों ने आशंका व्यक्त की है कि जांच एजेंसी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
आम आदमी पार्टी की रविवार को हो रही इमर्जेंसी मीटिंग में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता, दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय और डिप्टी मेयर आले इकबाल भी मौजूद हैं। इसके अलावा 'आप' के जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव व अन्य नेता भी इस अहम बैठक में शामिल हो रहे हैं। मीटिंग आम आदमी पार्टी दिल्ली के संयोजक गोपाल राय ने बुलाई है।
'आप' की बैठक ऐसे वक्त में हो रही है जब दिल्ली आबकारी नीति मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल से सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ चल रही है। सीएम केजरीवाल ने रविवार को राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद वे केंद्रीय जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए सीबीआई हेडक्वॉर्टर रवाना हुए।
वहीं आबकारी नीति मामले में सीबीआई द्वारा सीएम केजरीवाल से पूछताछ किए जाने का आप विरोध कर रही है। आप नेता राघव चड्ढा, संजय सिंह सहित कई आप नेताओं व अन्य को दिल्ली पुलिस ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में सीबीआई कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करने के लिए हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें- CBI पूछताछ के दौरान सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी का डर, AAP ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग












Click it and Unblock the Notifications