टीवी एंकर रहे सुहेब इलियासी पत्नी की हत्या में दोषी करार, 20 दिसंबर को सजा का ऐलान
नई दिल्ली। टीवी सीरियल प्रोड्यूसर और मशहूर एंकर रहे सुहेब इलियासी को दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने पत्नी अंजू की हत्या के मामले में दोषी करार दिया है। अदालत 20 दिसंबर को इलियासी की सजा का ऐलान करेगी। बतौर इंडियाज मोस्ट वांटेड शो के होस्ट सुहेब एक समय टीवी पर बेहद लोकप्रिय थे। 10 जनवरी, 2000 को सुहेब की पत्नी अंजू की लाश मिली थी। 29 साल की अंजू की कैंची से हत्या की गई थी। पहले मामले को खुदकुशी का बताया गया लेकिन मामले में अंजू की बहन के सुहेब पर आरोप लगाने के बाद 28 मार्च 2000 को सुहेब को गिरफ्तार किया गया था। तब से मामला अदालत में था। पत्नी की हत्या के बाद सुहैब ने ही सबसे पहले अंजू की एक दोस्त को फोन कर उसके सुसाइड कर लेने की बात कही थी।

शुरू में सुहैब को पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 2014 में दिल्ली हाईकोर्ट ने अंजू की मां की पिटीशन पर ट्रायल कोर्ट को ऑर्डर दिया कि इसे हत्या के मामले के तौर पर भी देखे।
दिल्ली के रहने वाला सुहेब लंदन में टीवी एशिया में काम कर चुका है। 1996 में सुहेब ने भारत में क्राइम बेस्ड रिएलिटी शो 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' शुरू किया। ये शो जल्दी ही देशभर में मशहूर हो गया। सुहेब टीवी की दुनिया के सबसे लोकप्रिय चेहरे बन गए। 2000 तक सुहेब टीवी की दुनिया के स्टार बन चुके थे, इसी दौरान पत्नी की हत्या मामले में उनका नाम आया और उनकी गिरफ्तारी हुई।












Click it and Unblock the Notifications