मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार सत्येंद्र जैन की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती कराए गए
नई दिल्ली, 9 जून: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत बुधवार को बिगड़ गई, जिसके बाद उनको आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैन इन दिनों प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी में हैं। आज उनको कोर्ट में लाया गया था, जहां तबीयत खराब होने पर ईडी की टीम उनको अस्पताल लेकर गई और भर्ती कराया।
Recommended Video

सत्येंद्र जैन के वकील एडवोकेट ऋषिकेश कुमार ने बताया कि स्लीप एपनिया का वह (सत्येंद्र जैन) कोरोना से उबरने के बाद से लगातार सामना कर रहे हैं। आज जब जैन कोर्ट में आए तो उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, ऐसे में सुनवाई के बाद उनको अस्पताल भेजा गया है।
जैन की कस्टडी भी बढ़ी
प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को कथित धनशोधन मामले में 30 मई को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद कोर्ट ने उनको 9 जून तक ईडी की रिमांड में भेजा था। जैन की कस्टडी आज खत्म हो रही थी, ऐसे में ईडी ने उनको दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। ईडी ने जैन की कस्टडी बढ़ाने की मांग की, जिसे कोर्ट ने मान लिया और सत्येंद्र जैन को 13 जून तक के लिए ईडी की कस्टडी में भेज दिया।
अगली तारीख पर जमानत पर सुनवाई
सत्येंद्र जैन के वकील ऋषिकेश कुमार के जरिए कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की है। ऋषिकेश कुमार ने कहा कि यह क़ानूनी प्रक्रिया है। पुलिस हिरासत 13 तारीख को खत्म होगी और हमें यकीन है कि 13 को जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। हमें भरोसा है कि जल्दी ही हमें इस मामले में जमानत मिलेगी।
बता दें कि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता स्थित कंपनी से जुड़े हवाला की लेन-देन के एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications