Delhi: उत्तम नगर के बीएम गुप्ता अस्पताल में लगी आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां, बुझाई आग
Delhi News: 13 मई 2025 की रात दिल्ली के उत्तम नगर में स्थित बीएम गुप्ता अस्पताल के नर्स हॉस्टल में अचानक आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई। मंगलवार की रात करीब 8:00 बजे आग लगी थोड़ी ही देर में आग की लपटें तेजी से दूसरी मंजिल पर फैल गईं, जिसमें नर्स हॉस्टल है। देखते ही देखते आग फिर तीसरी मंजिल पर मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन और डेंटल यूनिट तक पहुंच गईं।
हालांकि दिल्ली अग्निशमन विभाग ने सूचना मिलते ही 11 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा। 9:25 बजे तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया था। अग्निशमन विभाग ने पुष्टि की अब स्थिति नियंत्रण में है और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

गौरतलब है कि दिल्ली के उत्तम नगर में स्थित बीएम गुप्ता अस्पताल, साउथ-वेस्ट दिल्ली का प्रमुख मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल है। इस अस्पताल में मदर-चाइल्ड केयर यूनिट, हार्ट सेंटर, आर्थोपेडिक्स और ईएनटी डिपार्टमेंट है। चूंकि ये आग नर्सिंग हॉस्टल और उसके ऊपर की मंजिल में लगी, इसलिए 100 बेड वाले इस अस्पताल का संचालन आग से अप्रभावित रहा और रोगियों को समय पर इलाज मिलता रहा।
देर रात तक इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली क्योंकि आग केवल उन क्षेत्रों तक सीमित थी जहां बच्चे या मरीज़ नहीं थे। द्वारका डीसीपी ने आश्वस्त किया कि नुकसान सीमित है।
पुलिस ने अफवाह पर ध्यान न देने का आग्रह किया
आग लगने के बाद, शुरुआती जांच में मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन में आग लगने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, निश्चित कारण का पता लगाने के लिए अभी भी गहन जांच चल रही है। अस्पताल प्रशासन और अग्निशमन विभाग द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी आपदा को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा, पुलिस ने लोगों से इस घटना के बारे में फैली किसी भी निराधार अफवाह पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।












Click it and Unblock the Notifications