Delhi Fire: दिल्ली के रोहिणी में झुग्गियों में भीषण आग, 400 झुग्गियां जलकर खाक, दो लोगों की दर्दनाक मौत
Delhi Fire News: राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 स्थित श्री निकेतन अपार्टमेंट के पास रविवार सुबह झुग्गियों में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही आनन-फानन में फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।
हालांकि, झुग्गियों में अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें 400 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और दो लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग एक झुग्गी में लगी थी, जो तेज़ी से आसपास की झुग्गियों में फैल गई।

दर्जनों लोगों ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ लोग आग की चपेट में आ गए। तलाशी अभियान के दौरान दो शव बरामद किए गए हैं, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय निवासियों ने दमकल विभाग पर देर से पहुंचने का आरोप लगाया है। आग की भयावहता को देखते हुए इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई थी।
कई परिवारों ने अपनी पूरी जमा-पूंजी इस आग में गंवा दी। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुबह 11:55 बजे आग की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद राहत गाड़ियाँ रवाना की गईं। इस हादसे में किसी अन्य के फंसे होने की आशंका के चलते राहत कार्य पूरी सतर्कता से किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। वहीं, वेस्ट जोन के डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एमके चट्टोपाध्याय ने बताया, "हमें सुबह 11:55 बजे कॉल आया। कॉल मिलते ही एसओपी के मुताबिक हमारे एडीओ एके शर्मा और 4-5 फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा गया।
चूंकि यहां गलियां संकरी हैं, इसलिए हमारी गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं। आग की तीव्रता को देखते हुए इसे मीडियम कैटेगरी की आग घोषित किया गया। अब करीब 26 गाड़ियां घटनास्थल पर तैनात हैं। दो बच्चे झुलसे हुए मिले हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि अभी तक घटनास्थल से 2 शव बरामद किए गए हैं। तलाशी और बचाव अभियान जारी है।












Click it and Unblock the Notifications