Delhi Election Exit Poll 2025: कितने सटीक थे एग्जिट पोल? पिछले चुनावों में कैसा था सर्वे एजेसियों का अनुमान?
Delhi Election Exit Poll 2025: दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर मतदान बुधवार को हो रहा है। इस चुनाव में तीन प्रमुख दलों, आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। पिछले दो चुनावों में अरविंद केजरीवाल की AAP का दबदबा रहा था।
2015 में AAP ने 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि 2020 में पार्टी ने 62 सीटों पर कब्जा जमाया था। हालांकि, इस बार AAP सरकार हटाई गई शराब नीति को लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रही है। दूसरी ओर, BJP सत्ता विरोधी लहर को भुनाने की कोशिश में है। वहीं, कभी दिल्ली की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाली कांग्रेस इस चुनाव में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है।

दिल्ली विधानसभा का मतदान 5 फरवरी को शाम 6 बजे समाप्त होगा। वोटिंग पूरी होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे जारी होंगे। मतगणना 8 फरवरी को होनी है और चुनावी नतीजे 8 फरवरी को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: Delhi Election Voting: दिल्ली में अब तक 19.95 % मतदान, बाबतपुर में सबसे ज्यादा तो करोल बाग में सबसे कम वोटिंग
2020 में एग्जिट पोल ने क्या भविष्यवाणी की थी?
2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में एग्जिट पोल के नतीजे काफी हद तक सही साबित हुए थे। ज्यादातर सर्वेक्षणों ने AAP को 50 से अधिक सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी, जो लगभग सटीक बैठी।
Axis My India ने AAP को सबसे ज्यादा 59-68 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था।
Jan Ki Baat, NewsX-Neta और India News Nation ने AAP को 55 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी।
Times Now ने AAP को 47 सीटें और BJP को 23 सीटें दी थीं।
अंत में, नतीजे आए तो AAP ने 62 सीटें जीतीं, जबकि BJP को केवल 8 सीटें मिलीं।
2015 में एग्जिट पोल क्या कह रहे थे?
2015 के चुनाव में, ज्यादातर एग्जिट पोल AAP और BJP के बीच कांटे की टक्कर बता रहे थे। लेकिन नतीजे एकदम अलग निकले। AAP ने 70 में से 67 सीटें जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, जबकि BJP को सिर्फ 3 सीटें मिलीं और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला।
C-Voter ने AAP को 31-39 सीटें, BJP को 27-35 सीटें और कांग्रेस को 2-4 सीटें दी थीं।
ABP-Neilsen ने AAP को 39 सीटें और BJP को 28 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था।
Today's Chanakya ने AAP को 44 और BJP को 22 सीटें दी थीं।
लेकिन, जब असली नतीजे आए, तो AAP ने 67 सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया।
दिल्ली में इस बार कैसा रहेगा मुकाबला?
इस बार भी दिल्ली में रोमांचक त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। AAP लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है। BJP AAP सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों और सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने की रणनीति बना रही है। कांग्रेस संदीप दीक्षित को आगे कर शीला दीक्षित के स्वर्णिम दौर की याद दिलाने की कोशिश कर रही है।
इस चुनाव को AAP के 10 साल के शासन पर जनमत संग्रह और BJP-कांग्रेस के भविष्य की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। दिल्ली का ताज किसे मिलेगा? इसका फैसला 8 फरवरी को होगा।
ये भी पढ़ें: Delhi Election: वोटिंग को लेकर दिल्ली मेट्रो-डीटीसी बस सेवाओं में बड़ा बदलाव, बदली टाइमिंग, पढ़िए अपडेट












Click it and Unblock the Notifications