Delhi BJP Candidate: दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा जारी कर सकती है 41 उम्मीदवारों के नाम, बिधूड़ी से छिनेगी टिकट!
Delhi BJP Candidate List: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दूसरी सूची जल्द ही आने वाली है। रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा आज शनिवार 11 जनवरी को उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। इस लिस्ट में 41 उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं।
भाजपा की तरफ से बची हुई 41 सीटों के लिए उम्मीदवारों की अगली सूची पर चर्चा के लिए केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की शुक्रवार 10 जनवरी की रात को बैठक हुई। उम्मीदवारों के नामों को फाइनल रूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बैठक में शामिल हुए थे।

BJP 2nd Candidate List: भाजपा की दूसरी लिस्ट में कौन-कौन होगा उम्मीदवार?
भाजपा की दूसरी लिस्ट में पूर्व सांसद मीनाक्षी लेखी का नाम हो सकता है। मीनाक्षी लेखी को भाजपा कस्तूरबानगर सीट से टिकट दे सकती है।
लेखी ने इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव में प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी की तरह चुनाव नहीं लड़ पाई थीं। वर्मा और बिधूड़ी दोनों को ही इस बार विधानसभा का टिकट दिया गया है, इसलिए लेखी को भी दिल्ली में मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
इस लिस्ट में हरीश खुराना का भी नाम हो सकता है, पार्टी जिन्हें मोती नगर मैदान में उतार सकती है। लक्ष्मीनगर से मौजूदा विधायक अभय वर्मा (विधायक) को टिकट मिलने की संभावना है। नरेला विधानसभा सीट से राज करण खत्री को टिकट मिल सकता है। वहीं राजेन्द्र नगर से उमंग बजाज को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। किराड़ी से पूर्व जिलाध्यक्ष की चर्चा है। दिल्ली विधानसभा की एक सीट से पूर्व आप नेता कपिल मिश्रा का नाम भी विचाराधीन है।
भाजपा ने 4 जनवरी को 29 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। उम्मीदवारों की पहली सूची भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की किसी भी भौतिक बैठक के बिना जारी की गई थी।
Ramesh Bidhuri: भाजपा रमेश बिधूड़ी की जगह ला सकती है दूसरा प्रत्याशी
चर्चा है कि भाजपा रमेश बिधूड़ी की जगह दूसरा प्रत्याशी ला सकती है। यानी भाजपा कालकाजी से भी अपना उम्मीदवार बदल सकती है। भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी को टिकट दिया था। लेकिन अब कहा जा रहा है कि प्रियंका गांधी और सीएम आतिशी के खिलाफ दिए विवादित बयान की वजह से पार्टी कैंडिडेट बदल सकती है।
Delhi Chunav Date: दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग
दिल्ली में 5 फरवरी को एक चरण में 70 सीटों के लिए वोटिंग होगी। वहीं वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
दिल्ली की 70 सीटों पर बहुमत का आंकड़ा 36 है। दिल्ली में नामांकन प्रक्रिया 10 से 17 जनवरी के बीच होगी। वहीं नाम वापसी की तारीख 20 जनवरी है।












Click it and Unblock the Notifications