केजरीवाल की बढ़ेगी मुश्किलें, नई दिल्ली सीट पर 29 उम्मीदवार देंगे टक्कर, किस सीट पर सबसे कम नामांकन?
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 17 जनवरी को खत्म हो गया। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक दिल्ली के 70 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए विधानसभा चुनाव के लिए कुल 1521 नामांकन दाखिल किए गए हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 981 उम्मीदवारों ने ये नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन 17 जनवरी को कुल 680 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
आज शनिवार 18 जनवरी को उम्मीदवारों द्वारा दाखिल नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। यानी नामांकन पत्रों की जांच आज की जाएगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 20 जनवरी 2025 है। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा जबकि मतों की गिनती 8 फरवरी को होगी।

New Delhi seat: नई दिल्ली सीट पर सबसे ज्यादा उम्मीदवार, 40 नामांकन पत्र हुए दाखिल
चुनाव आयोग के मुताबिक नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। नई दिल्ली सीट के लिए कुल 29 उम्मीदवारों ने 40 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से दिल्ली के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों यानी भाजपा के परवेश वर्मा (साहिब सिंह वर्मा के बेटे) और कांग्रेस के संदीप दीक्षित (शीला दीक्षित के बेटे) के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है।
Delhi Chunav 2025: जानें दिल्ली किस सीट पर हुआ सबसे कम नामांकन?
चुनाव आयोग के मुताबिक कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। कस्तूरबा नगर विधानसभा सीट पर कुल 6 उम्मीदवारों ने 9 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इस सीट से आप ने रमेश पहलवान, भाजपा ने नीरज बसोया और कांग्रेस ने अभिषेक दत्त को मैदान में उतारा है।
Delhi nomination 2025: जानें दिल्ली की किस सीट से कितना नामांकन?
- कालकाजी विधानसभा सीट: कालकाजी सीट से कुल 18 उम्मीदवारों ने 28 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जहां से मौजूदा सीएम आतिशी भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
- पटपड़गंज विधानसभा सीट: त्तारूढ़ आप ने पटपड़गंज सीट से शिक्षक अवध ओझा को मैदान में उतारा है, जहां 11 उम्मीदवारों के 20 नामांकन पत्र आए हैं।
- जंगपुरा विधानसभा सीट: जंगपुरा में 12 उम्मीदवारों की ओर से 19 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया इस आप के उम्मीदवार हैं। इससे पहले नीष सिसोदिया 2013 से पटपड़गंज सीट से चुनाव लड़ रहे थे।
- मध्य दिल्ली में 99 उम्मीदवारों की ओर से कुल 154 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
- जबकि पूर्वी दिल्ली में 79 उम्मीदवारों की ओर से कुल 119 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
- नई दिल्ली भाग जिसमें पटेल नगर, दिल्ली कैंट, राजिंदर नगर, नई दिल्ली, आरके पुरम और ग्रेटर कैलाश जैसे निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं, में 85 उम्मीदवारों की ओर से कुल 135 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
- उत्तरी दिल्ली में 108 उम्मीदवारों ने 183 नामांकन दाखिल किए हैं। जबकि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 80 उम्मीदवारों ने 116 नामांकन दाखिल किए हैं।
- चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से 90 उम्मीदवारों ने 139 नामांकन दाखिल किए हैं।
- शाहदरा क्षेत्र से 78 उम्मीदवारों ने 124 नामांकन दाखिल किए हैं।
- मालवीय नगर, महरौली, छतरपुर, देवली और अंबेडकर नगर निर्वाचन क्षेत्रों वाली दक्षिण दिल्ली में 57 उम्मीदवारों ने कुल 88 नामांकन दाखिल किए हैं।
- दक्षिण पूर्वी दिल्ली में 93 उम्मीदवारों के 140 नामांकन हुए हैं।
- दक्षिण पश्चिम दिल्ली में 108 उम्मीदवारों के 153 नामांकन हुए हैं।
- नांगलोई जाट, मोती नगर, मादीपुर, राजौरी गार्डन, हरि नगर, तिलक नगर और जनकपुरी निर्वाचन क्षेत्रों सहित पश्चिमी दिल्ली में 104 सीटों के लिए कुल 170 नामांकन प्राप्त हुए।












Click it and Unblock the Notifications