वक्फ बोर्ड केस: आप MLA अमानतुल्लाह खान 5 दिन और सलाखों के पीछे रहेंगे, बढ़ाई गई पुलिस कस्टडी
नई दिल्ली, 21 सितंबर: दिल्ली वक्फ बोर्ड के फंड के कथित हेराफेरी से संबंधित भ्रष्टाचार के मामले में कोर्ट ने आप विधायक अमानतुल्ला खान की पुलिस हिरासत 5 दिन और बढ़ा दी है। अब उनको 26 सितंबर को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट ने आप विधायक को बुधवार को 5 और दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। ओखला विधायक को एंटी करप्शन ब्रांच ने चार दिन की हिरासत में पूछताछ के बाद दिल्ली की अदालत में पेश किया।

कोर्ट में बहस के दौरान एसीबी ने प्रस्तुत किया कि एक शिकायत के अनुसार फतेहपुरी मस्जिद क्षेत्र में एक एमसीडी स्कूल को दुकानों में बदल दिया गया और किराए पर दे दिया गया, लेकिन दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।एसीबी ने आप विधायक की 10 दिन की अतिरिक्त हिरासत की मांग करते हुए एक नया रिमांड आवेदन दिया था। एसीबी ने कहा कि खान अस्वस्थ थे और सीने में दर्द की शिकायत के बाद दो दिन उनके इलाज में बिताए गए। बता दें कि भ्रष्टाचार के मामले में लिप्त अमानतुल्लाह खान से दिन भर की पूछताछ के बाद एसीबी ने 16 सितंबर को गिरफ्तार किया था।
मालूम हो कि एसीबी दिल्ली वक्फ बोर्ड में भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है, जिसके अध्यक्ष के रूप में आप विधायक प्रमुख हैं। इसी सिलसिले में ओखला में उनके आवास सहित चार स्थानों पर एसीबी ने छापे भी मारे। इस मामले में उसके कई सहयोगियों और कथित व्यापारिक साझेदारों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार आप विधायक ने दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में काम करते हुए नियमों का उल्लंघन करते हुए अपने रिश्तेदारों और परिचितों सहित 32 लोगों को अवैध रूप से भर्ती किया, जिसमें तात्कालिकता और रिक्तियों का हवाला दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications