Delhi Restaurant: कनॉट प्लेस के मशहूर रेस्टोरेंट में लगी भयानक आग, 6 झुलसे, एक गलती से हादसा
Delhi Connaught Place Restaurant: दिल्ली के मशहूर कनॉट प्लेस स्थित Bikkgane बिरयानी रेस्टोरेंट में गुरुवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में कम से कम छह लोग झुलस गए, जिन्हें तुरंत आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अनुसार, आग की सूचना सुबह 11:55 बजे मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। जहां कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग रेस्तरां की रसोई में गैस लीकेज के चलते बताई गई है।

फायर बिग्रेड ने संभाला मोर्चा
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि, राहत कार्य के बावजूद आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया गया था। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन को सौंप दी गई है।
घायलों का इलाज जारी
इस हादसे में झुलसे सभी छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आरएमएल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।
रेस्तरां में सुरक्षा मानकों की जांच होगी
अधिकारियों ने कहा कि यह जांच की जाएगी कि रेस्तरां में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को गैस सिलेंडरों की समय-समय पर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों में दहशत
इस घटना के बाद कनॉट प्लेस के इस व्यस्त इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों और ग्राहकों ने बताया कि अचानक धुआं निकलते देखा गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित रहें और किसी भी संदिग्ध गैस रिसाव की तुरंत सूचना दें।












Click it and Unblock the Notifications