दिल्ली: कांग्रेस सेवा दल कार्यकर्ता की रोड रेज में गोली मारकर हत्या, परिवार ने लगाया पुलिस पर बड़ा आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली में 43 वर्षीय कांग्रेस सेवा दल कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक जीटी करनाल रोड पर हुई रोड रेज की घटना में अज्ञात शख्स ने कांग्रेस सेवा दल कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया आरोपी शख्स गलत ढंग से गाड़ी चला रहा था, रोड रेज में आरोपी ने पीड़ित को भलस्वा फ्लाईओवर पर सीने में गोली मारी।

दिल्ली में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या
उत्तर पश्चिम दिल्ली के डिप्टी पुलिस कमिश्नर असलम खान ने बताया कि मृतक की पहचान विनोद मेहरा के रूप में हुई है जो दिल्ली के गीता कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे। दिल्ली कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष दिनेश्वर त्यागी ने बताया कि विनोद मेहरा पिछले छह वर्षों से संगठन में एक आयोजक थे। पुलिस ने बताया कि रात करीब 2.53 बजे एक राहगीर ने पीसीआर को कॉल करके घटना की जानकारी दी।

पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विनोद मेहरा को तुरंत ही अस्पताल लेकर गई, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि इस मामले में मृतक शख्स के परिजनों ने दावा किया कि उन्हें पुलिस से मदद नहीं मिली बल्कि परिजन ही मेहरा को अपनी गाड़ी से परमानंद अस्पताल ले गए, इस दौरान उन्होंने तिमारपुर पुलिस चौकी में मदद के लिए गाड़ी रोकी भी थी।

मृतक के परिजनों का पुलिस पर गंभीर आरोप
विनोद मेहरा के पिता मंगत राम ने बताया कि तिमारपुर पुलिस चौकी पर मदद मांगने के बाद भी उन्हें कोई मदद नहीं मिली। इस दौरान मेहरा की कार उनका 16 वर्षीय भतीजा चला रहा था और वो जैसे ही परमानंद अस्पताल पहुंचे उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि विनोद मेहरा जीटी करनाल रोड पर एक शादी पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान भलस्वा फ्लाईओवर पर उनकी एक दूसरी गाड़ी चला रहे शख्स से विवाद हो गया। आरोपी शख्स ठीक ढंग से गाड़ी नहीं चला रहा था जिसका मेहरा ने विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने उन्हें गोली मार दी। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।












Click it and Unblock the Notifications