Delhi: कोचिंग हादसे पर मुख्य सचिव ने सौंपी मंत्री आतिशी को जांच रिपोर्ट, सामने आए चौंकाने वाले खुलासे
Delhi Coaching Incident Enquiry Report: ओल्ड राजेंद्र नगर के कोचिंग सेंटर में पानी भरने के बाद डूबने से हुई तीन छात्रों की मौत के मामले में दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने एक दिन पहले 29 जुलाई (सोमवार) को मुख्य सचिव नरेश कुमार को पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अब जांच रिपोर्ट सौंप दी गई है।
दिल्ली के मुख्य सचिव ने ओल्ड राजेंद्र नगर हादसे में मंत्री आतिशी को जांच रिपोर्ट सौंपी है। जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। 27 जुलाई को हुई घटना पर मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट में बेसमेंट में पानी घुसने के कई कारणों के बारे में बताया गया है।

ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह से बंद
जांच रिपोर्ट में बताया गया कि कोचिंग इंस्टीट्यूट ने ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह से बंद कर दिया और इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी नहीं किए हैं। इंस्टीट्यूट की पार्किंग का रास्ता सीधे सड़क से जुड़ा हुआ है और भारी बारिश की स्थिति में पानी स्टॉर्मवॉटर ड्रेन में जाने के बजाय सीधे इस पार्किंग एरिया में दाखिल होता है।
किसी तरह की नहीं कोई सावधानी
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि सुरक्षा कर्मचारियों की ओर से कोई सतर्कता नहीं बरती गई, जिसके नतीजा यह रहा कि पानी बिना रुके पार्किंग क्षेत्र को पार कर बेसमेंट में घुस गया और आखिरकार तीन होनहार बच्चों की जान ले ली।
जिम्मेदार अधिकारियों पर गिरी गाज
इसके अलावा एरिया के ड्रेनेज सिस्टम के रखरखाव के लिए जिम्मेदार सहायक अभियंता (एम-1)/केबीजेड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और जूनियर इंजीनियर (एम-1)/केबीजेड की सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी गई हैं। घटना पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए कार्यकारी अभियंता (एम-1) को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।
मंत्री आतिशी ने लिखा था मुख्य सचिव को पत्र
बता दें कि इससे पहले दिल्ली की कैबिनेट मंत्री अतिशी ने ओल्ड राजेंद्र नगर की घटना के संबंध में मुख्य सचिव को लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा, "इस घटना पर मुझे अभी तक मुख्य सचिव से कोई आधिकारिक रिपोर्ट या जानकारी नहीं मिली है। यह बहुत गंभीर सवाल खड़े करता है या तो जीएनसीटीडी के अधिकारी इस त्रासदी की जांच करने के लिए गंभीर नहीं हैं, या वे किसी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।" इसी के साथ मुख्य सचिव को 29 जुलाई रात 10 बजे तक घटना की मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया था।












Click it and Unblock the Notifications