Delhi CM Rekha Gupta Attack: दिल्ली सीएम पर हमला करने वाला राजेश भाई खिमजी कौन? कैसे किया अटैक
Delhi CM Rekha Gupta Attack: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। मुख्यमंत्री अपने कैंप ऑफिस में लोगों की समस्याएं सुन रही थीं, तभी अचानक एक शख्स ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने जोर से चिल्लाते हुए सीएम को थप्पड़ मारा और गाली-गलौज करने लगा। इस घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई।
मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हमलावर को काबू में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अब तक हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है। इस घटना को मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है। हाथापाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता को चोटें भी आई हैं।

कौन है हमलावर?
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (Rajesh Bhai Khimji Bhai) के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 41 साल बताई जा रही है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है और अपने साथ कुछ दस्तावेज लेकर जनसुनवाई में पहुंचा था। सीएम पर हमला करने के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।
हमले को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं
दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर ने बताया कि जनसुनवाई के बहाने एक शख्स सीएम गुप्ता के पास पहुंचा। उसने पहले मुख्यमंत्री को कुछ कागज थमाए और फिर अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसी दौरान उसने सीएम को थप्पड़ मार दिया।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अलग बयान दिया है। उन्होंने सीएम पर थप्पड़ मारे जाने की बात से इनकार किया और कहा कि आरोपी ने हंगामा जरूर किया, लेकिन हाथापाई की पुष्टि अभी नहीं की जा सकती।
वहीं, घटना स्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने अलग ही दावा किया है। उनका कहना है कि आरोपी अपने साथ एक बैग लेकर आया था। जब वह सीएम के पास पहुंचा तो बैग से कुछ दस्तावेज निकाले और उन्हें मुख्यमंत्री को देने की कोशिश की। इसी दौरान उसने अचानक बैग से ही हमला कर दिया, जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे काबू में कर लिया।
ये भी पढ़ें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, अफरातफरी के बीच पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना बुधवार सुबह उस समय हुई जब मुख्यमंत्री अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। उसी दौरान एक शख्स अचानक अंदर आया और हंगामा करने लगा। उसने न केवल जोर-जोर से चिल्लाया बल्कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को थप्पड़ भी मारा और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे काबू में कर लिया।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस थाने लाया गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हमले की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह घटना मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक को दर्शाती है। वहीं दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को दे दी है।
ये भी पढ़ें भतीजी को डांट दिया तो भतीजे ने चाचा की कर दी हत्या, Delhi के नंद नगरी में खौफनाक वारदात से फैली सनसनी












Click it and Unblock the Notifications