Delhi के CM Rekha Gupta पर हमला करने वाला आरोपी गुजरात का हिस्ट्रीशीटर, हथियार से हमले समेत कई मामले है दर्ज
Attack on Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार सुबह उनके सिविल लाइंस स्थित कैंप ऑफिस में जनसुनवाई के दौरान हुए इस हमले ने सभी को चौंका दिया। पुलिस जांच में पता चला है कि हमला करने वाला शख्स गुजरात के राजकोट का रहने वाला सकरिया राजेशभाई खीमजीभाई है, जो पहले से ही हिस्ट्रीशीटर अपराधी रह चुका है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस हमले को 'सोची-समझी साजिश'करार देते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री की हत्या की कोशिश थी। घटना के बाद आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

कौन है हमलावर?
हमले के पीछे जिस शख्स का नाम सामने आया है, उसकी पहचान राजेश भाई खीमजी भाई सकरिया (Rajesh Bhai Khimji Bhai Sakariya) के रूप में हुई है। 41 वर्षीय सकरिया गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली दो दिन पहले ही आया था और सीएम आवास व कैंप ऑफिस के आसपास कई बार घूमता हुआ सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुआ था। घटना वाले दिन वह अपने साथ कुछ कागजात और एक बैग लेकर जनसुनवाई में पहुंचा और अचानक मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे तुरंत काबू में कर लिया और सिविल लाइंस थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
हमलावर का आपराधिक रिकॉर्ड
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले राजेश भाई खीमजी भाई सकरिया का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि गुजरात के राजकोट स्थित भक्तिनगर थाने में उसके खिलाफ पहले से ही 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चाकू से हमला करने का मामला भी शामिल है। उस पर स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, खतरनाक हथियार से हमला करने और गंभीर चोट पहुंचाने जैसे कई संगीन आरोप लग चुके हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिस्ट्रीशीटर माना जाता है और अक्सर विवादित गतिविधियों में शामिल रहा है। यही वजह है कि दिल्ली पुलिस ने उसकी हर गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए जांच को स्पेशल सेल को सौंप दिया है।
ये भी पढ़ें Delhi CM Rekha Gupta: कितनी परतों वाले सुरक्षा घेरे में रहती हैं दिल्ली CM? कितने कमांडो रहते हैं तैनात












Click it and Unblock the Notifications