Delhi CM House: 'शीशमहल' में नहीं रहेंगी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तो कहां रहेंगी? यह आवास हो सकता है नया ठिकाना
Delhi CM House: दिल्ली में नई सरकार के गठन के बाद अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट के मंत्रियों के लिए आवास की तलाश का काम शुरू है। यह जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) की है। राजधानी दिल्ली में अन्य राज्यों की तरह अबतक मुख्यमंत्री का कोई आवास फिक्स नहीं है। ऐसे में भाजपा सूत्रों का कहना अगले दो-तीन दिनों में स्थिति साफ हो जाने की उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के लिए कौन सा बंगला बेहतर रहेगा।
आम आदमी पार्टी (आप)सरकार में मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल सिविल लाइन के 6 फ्लैग स्टाफ रोड वाले आलीशान बंगले में रह रहे थे, उसे बीजेपी ने इस तरह से 'शीशमहल' साबित किया है, वहां रहने से सीएम रेखा गुप्ता खुद ही इनकार कर चुकी हैं। चुनाव से पहले से ही भाजपा की यह पार्टी लाइन रही है कि भ्रष्टाचार के लिए कथित रूप से बदनाम हो चुके शीशमहल' में चुनाव जीतने पर भी उसका मुख्यमंत्री नहीं रहेगा।

Delhi CM House: राज निवास के पास भी किसी बंगले में हो सकता है मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नया ठिकाना-बीजेपी सूत्र
ऐसी स्थिति में नई मुख्यमंत्री के लिए मथुरा रोड से लेकर सिविल लाइन,दरियागंज रोड और शामनाथ मार्ग तक पर संभावित आवासों की तलाश का काम चल रहा है। एक बीजेपी सूत्र ने वनइंडिया को बताया है कि "दिल्ली विधानसभा के नजदीक ही राज निवास के पास सात-आठ आवास हैं, जिनमें से कोई भी एक नई सीएम रेखा गुप्ता का नया ठिकाना होना सकता है।"
उनके मुताबिक, "कई बंगले अभी आप के पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के कब्जे में है और आने वाले दो-तीन दिनों में सभी चीजों को ध्यान में रखकर उनमें से किसी बंगले को मुख्यमंत्री आवास के लिए चिह्नित किया जा सकता है।" रेखा गुप्ता अभी शालीमार बाग स्थित अपने निजी आवास में रह रही हैं।
Delhi CM House for Rekha Gupta: क्या साहिब सिंह वर्मा का पूर्व आवास होगा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नया घर?
बता दें कि 9 शामनाथ मार्ग वाला बंगला पूर्व विधानसभा स्पीकर राम निवास गोयल के नाम पर आवंटित है, जो राजनीति से भी संन्यास लेने की घोषणा कर चुके हैं। दिलचस्प बात ये है कि यहां भाजपा के दिवंगत नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा बतौर सीएम रह चुके हैं। आज उनके बेटे प्रवेश वर्मा ही लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री हैं और इस नाते सीएम के लिए उपयुक्त आवास तलाशने की जिम्मेदारी उनकी भी है।
Delhi CM House: आतिशी का बंगला भी रेखा गुप्ता के संभावित आवासों की लिस्ट में शामिल
गोपाल राय समेत कई पूर्व मंत्रियों के पास अभी सरकारी बंगला है, उनमें से भी नई मुख्यमंत्री के लिए एक पर मुहर लग सकती है। इसके लिए खुद सीएम की पसंद और उनकी सुरक्षा और सुविधा का भी तालमेल बिठाया जाना है।
एक और बंगला है, जो पूर्व सीएम आतिशी मार्लेना के नाम आवंटित रहा है। एबी-17 नंबर का यह बंगला मथुरा रोड पर है, लेकिन रेखा गुप्ता वहां रहना पसंद करती हैं या नहीं यह देखने वाली बात होगी। इसी तरह से एक आवास दरियागंज रोड में भी है, लेकिन उसे मुख्यमंत्री के लिए उपयुक्त नहीं माना जा रहा है।
Delhi CM House Rekha Gupta: 'शीशमहल' में कब से कबतक रहे अरविंद केजरीवाल?
जहां तक 'शीशमहल' की बात है तो केजरीवाल वहां 2015 से लेकर पिछले साल अक्टूबर तक सीएम पद से इस्तीफे से पहले तक रहे थे। पद छोड़ने के बाद उन्होंने कई कैमरों की मौजूदगी में अपना वह सरकारी आशियाना खाली कर दिया था।
2013 में जब वह पहली बार कांग्रेस के समर्थन से सीएम बने थे तो तिलक मार्ग वाले आवास में रहने लगे थे। उनसे पहले शीला दीक्षित मोती लाल नेहरू मार्ग पर स्थित सरकारी आवास में रहती थीं, जो बाद में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आवंटित किया गया था।
Delhi CM House:'शीशमहल' पर लगे भ्रष्टाचार के दाग की हो रही है जांच
इस महीने की शुरुआत में ही सेंट्रल विजिलेंस कमीशन (CVC) ने दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश दिया था कि वह 'शीश महल' की प्रॉपर्टी को बड़ा बनाने के लिए कई सरकारी प्रॉपर्टी को कथित रूप से मिला देने के दावों की विस्तृत जांच करे और उसकी साज-सज्जा पर खर्च हुई रकम की भी छानबीन करे।












Click it and Unblock the Notifications