'रेवड़ी पॉलिटिक्स' पर बोले अरविंद केजरीवाल, कहा- हमारी योजनाओं का अपमान किया गया है
नई दिल्ली, अगस्त 15। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'रेवड़ी' वाले बयान का जवाब देते हुए कहा है कि किसी को मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना फ्री रेवड़ी नहीं है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जनता के हित के लिए चलाई जा रही इन कल्याणकारी योजनाओं को मुफ्त या फिर रेवड़ी नहीं कहा जा सकता।

यह हमारी योजनाओं का अपमान है- केजरीवाल
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर ध्वजारोहण के लिए पहुंचे थे। ध्वजारोहण के बाद केजरीवाल ने स्टेडियम में मौजूद लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि हमारी कल्याणकारी योजनाओं को भाजपा ने मुफ्त की रेवड़ी करार दिया है। यह इन योजनाओं का अपमान है।
गरीब को मुफ्त शिक्षा का अधिकार है- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि क्वालिटी एजुकेशन ही एक पीढ़ी में गरीबी उन्मूलन में मदद कर सकती है, क्योंकि एक गरीब का बच्चा जब अच्छी शिक्षा पाकर वकील या फिर इंजीनियर बनेगा तो एक क्रांतीकारी बदलाव देखने को मिलेगा। केजरीवाल ने कहा कि क्या गरीबों को मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना गलत है क्या?
क्या कहा अरविंद केजरीवाल ने ?
- अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने सरकारी अस्पतालों में बुनियादी ढांचे में सुधार किया है और मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए हैं। दिल्ली में सभी को मुफ्त स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध है। लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना मुफ्त की रेवड़ी नहीं है।
- केजरीवाल ने कहा कि शिक्षा को फ्री बी मत कहिए, कोई मां बाप अपने बच्चे फ्री बी नहीं देते। गरीब का बच्चा हमारा बच्चा है, इसलिए हम उसे फ्री शिक्षा और स्वास्थ्य देंगे। केजरीवाल ने कहा कि 39 देश फ्री शिक्षा देते हैं, अगर भारत को अमीर देश बनाना है तो फ्री शिक्षा से ही यह संभव हो सकता हे।
आपको बता दें कि देश की सियासत में 'रेवड़ी' पॉलिटिक्स का मुद्दा तब उठा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने वोट के लिए फ्रीबीज के 'रेवड़ी कल्चर' के खिलाफ लोगों को आगाह किया और इसे देश के विकास के लिए 'बेहद खतरनाक' बताया था।












Click it and Unblock the Notifications