क्या दिल्ली में लग सकता है लॉकडाउन? Omicron के बढ़ते केस के बीच CM केजरीवाल आज करेंगे मीडिया से बात
क्या दिल्ली में लग सकता है लॉकडाउन? Omicron के बढ़ते केस के बीच CM केजरीवाल आज करेंगे मीडिया से बात
नई दिल्ली, 02 जनवरी: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर आज मीडिया से बातचीत करेंगे। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल मीडिया को दिल्ली के कोविड-19 स्थिति के बारे में जानकारी देंगे। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि सीएम केजरीवाल आज दिल्ली में लॉकडाउन भी लगा सकते हैं या फिर प्रतिबंधों को और सख्त कर सकते हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का ये प्रेस कॉन्फ्रेंस एक दिन में 2 हजार से अधिक केस आने के एक दिन बाद हो रहा है।

दिल्ली में शनिवार को 2,716 नए कोरोना केस दर्ज किए गए थे। 21 मई के बाद दिल्ली में पहली बार सबसे अधिक और 51 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली में कोरोना पॉजिटिविटी रेट 3.64 प्रतिशत हो गई।
भारत में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर खतरा बना हुआ है। कई वैज्ञानिकों का दावा है कि ओमिक्रॉन के बढ़ते केस के बीच देश में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। दिल्ली में कोरोना की टैली में लगातार उछाल आया है, जिसमें पिछले सात दिनों में 7,865 मामले दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली में कोविड-19 पॉजिटिविटी रेट 26 दिसंबर से 0.55 प्रतिशत से बढ़कर 3.64 प्रतिशत हो गई है। शहर में शनिवार (1 जनवरी) को ओमिक्रॉन के 351 मामले दर्ज किए गए। सोमवार को कोरोना के नए संस्करण के केवल 142 मामले थे। दिल्ली में 1 जनवरी को दर्ज किए गए 2,716 नए केसों में से दक्षिणी दिल्ली ने सबसे अधिक 372 मामले दर्ज किए हैं। इसके बाद पश्चिम जिले में 356, उत्तर-पश्चिम में 323, दक्षिण-पूर्व में 314 और मध्य दिल्ली में 278 हैं। हालांकि राहत की बात ये थी कि दिल्ली में बीते दिनों कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है।
इससे पहले दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने 29 दिसंबर 2021 को फैसला किया था कि दिल्ली में 'येलो अलर्ट' के तहत लगाए गए कोविड से संबंधित प्रतिबंध फिलहाल जारी रहेंगे और नए प्रतिबंधों पर निर्णय लेने से पहले अधिकारी कुछ समय के लिए स्थिति की निगरानी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications