Delhi Chunav 2025: कमजोर सीटों पर BJP इन उम्मीदवारों को दे सकती है चांस! कब जारी हो सकती है फाइनल लिस्ट?
Delhi Chunav 2025: नए साल के दूसरे हफ्ते में दिल्ली विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा हो सकती है। संभावना है कि फरवरी में यह चुनाव करवाए जाएं। लेकिन, मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी अबतक एक भी उम्मीदवारों के नाम का एलान नहीं कर सकी है। इसके उलट सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी 70 सीटों और कांग्रेस पार्टी ने भी 21 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है और यह किसी भी वक्त दूसरी सूची जारी कर सकती है।
बीजेपी सूत्रों की मानें तो मोटे तौर पर दिल्ली की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पहले से ही शॉर्टलिस्ट होकर रखे हुए हैं, जिसपर स्क्रीनिंग कमेटी और केंद्रीय नेतृत्व को अंतिम फैसला लेना है।

Delhi Chunav 2025: दिल्ली के सातों सांसदों की राय को मिलेगी अहमियत
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, 'केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रत्येक सीट के लिए दो-तीन संभावित प्रत्याशियों के नाम पहले ही साझा किए जा चुके हैं। वरिष्ठ पदाधिकारी अब व्यक्तिगत तौर पर सभी सातों सांसदों से मिलेंगे और विधानसभा के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा करेंगे।'
इसे भी पढ़ें- Delhi Elections 2025: केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी के दिल्ली चुनाव के लिए क्या हैं मायने?
भाजपा से जुड़े लोगों का कहना है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष पार्टी के सभी सात सांसदों की राय सभी लोकसभा क्षेत्रों के संबंध में जुटा रहे हैं। उनसे यह पूछा जा रहा है कि उनकी नजर में संबंधित असेंबली सीट पर सबसे उपयुक्त प्रत्याशी कौन हो सकता है। अगले एक-दो दिनों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी संबंधित नामों पर ऐसी ही रायशुमारी कर सकते हैं।
चुनाव आयोग 6 जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए फाइनल मतदाता सूची जारी करने वाला है। इसके बाद चुनाव तारीखों की घोषणा हो सकती है और तभी से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इसलिए बीजेपी के पास वक्त कम है, क्योंकि उम्मीदवारों को तैयारी और प्रचार के लिए भी समय चाहिए।
Delhi Chunav 2025: कब जारी होगी बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट?
वैसे पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 दिसंबर और 3 जनवरी को दिल्ली में दो बड़े कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। यह सरकारी कार्यक्रम होगा, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के उद्घाटन से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे। इसमें देहरादून एक्सप्रेस का अक्षरधाम वाला फेज भी शामिल है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इसके तुरंत बाद ही पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम जारी कर सकती है।
Delhi Chunav 2025: किस तरह के चेहरों को बीजेपी देगी दिल्ली में चुनाव लड़ने का मौका?
पार्टी के अंदर की जानकारी रखने वालों का कहना है कि बीजेपी की लिस्ट में नए चेहरों पर भी फोकस रह सकता है, तो महिलाओं और युवाओं पर पूरा जोर रहने की संभावना है। लेकिन, साथ ही ऐसे कार्यकर्ताओं का भी ध्यान रखा जा सकता है, जो जमीन और जनता से जुड़े रहे हैं। एक नेता के मुताबिक,'लोकसभा चुनावों की तरह पार्टी उन लोगों में भरोसा दिखा सकती है, जो संगठन से जुड़े रहे हैं और जिन्होंने मतदाताओं के बीच कड़ी मेहनत की है।'
Delhi Chunav 2025: कमजोर सीटों पर बीजेपी किन प्रत्याशियों को दे सकती है टिकट?
उनके मुताबिक, 'जिन नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, उनमें लोकप्रिय चेहरों के साथ-साथ जमीनी कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं।' उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोकप्रिय नेता, जो पिछले कुछ महीनों में दूसरी पार्टियों से आए हैं,उन्हें भी टिकट मिल सकता है। पार्टी ऐसे लोगों को विशेष रूप से उन सीटों पर उतार सकती है, जो इसके लिए कमजोर सीटें रही हैं या यूं कहें कि जो सीट कभी भी भाजपा का गढ़ नहीं रही है।
इसे भी पढ़ें- Delhi: दिल्ली वालों के लिए AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल का बड़ा ऐलान, हर घर को 24 घंटे मिलेगा पीने का साफ पानी
दिल्ली में बीजेपी की सत्ता 1998 में ऐसी गई, जो फिर कभी लौट के नहीं आई। लोकसभा चुनावों में पार्टी 100 फीसदी सफलता हासिल कर लेती है, लेकिन विधानसभा चुनावों में लगातार दो बार से आम आदमी पार्टी का ऐसा दबदबा बन जाता है, जिसे तोड़ पाना भाजपा के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गई है।












Click it and Unblock the Notifications