Delhi Chunav 2025: दिल्ली को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण मुक्त करने के लिए नितिन गडकरी ने बताया मेगा प्लान
Delhi Chunav 2025: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने वादा किया है कि अगर 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा जीतती है, तो शहर पांच साल के भीतर यातायात जाम और वायु प्रदूषण से मुक्त हो जाएगा। नांगलोई जाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दिल्ली के लोगों को इन दो बड़ी समस्याओं से छुटकारा दिलाने का वादा किया।
गडकरी ने कहा, 'मैं वादा करता हूं... अगर आप शहर की सरकार में बीजेपी का इंजन लगाएंगे,तो हम पांच साल के भीतर दिल्ली को ट्रैफिक जाम और वायु प्रदूषण से मुक्त कर देंगे। मैं यह वादा करता हूं।' उन्होंने लैंडफिल साइटों को हटाने और उनकी जगह उद्यान और शैक्षणिक संस्थान बनाने का भी वादा किया।

Delhi Chunav 2025: बुनियादी ढांचे और पर्यावरण को लेकर बड़े दावे
गडकरी ने दिल्ली में चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की ओर ध्यान खींचते हुए कहा कि करोड़ों रुपए के काम चल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'अगले चार महीनों में 35,000 करोड़ रुपS की नई परियोजनाएं शुरू होंगी। आने वाले साल में यह राशि बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपए हो जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ये पहल दिसंबर तक पूरी हो जाएंगी।
केंद्रीय मंत्री ने सड़क ढांचे में सुधार का भी जिक्र किया, जैसे धौलाकुआं यातायात जाम कम करने की परियोजना और छह ग्रीनफील्ड राजमार्ग। उन्होंने कहा,'दिसंबर तक आप दिल्ली से मुंबई तक सिर्फ 12 घंटे में यात्रा कर सकेंगे।' उन्होंने इस प्रगति का श्रेय दिल्ली के लोगों को दिया जिन्होंने केंद्र में भाजपा सरकार को चुना।
Delhi Chunav 2025: जल और प्रदूषण समेत दिल्ली की गंदगियों से छुटकारा दिलाने का भरोसा
गडकरी ने पानी और प्रदूषण की समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रहने के लिए आप सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'जिन लोगों पर आपने भरोसा किया, उन्होंने न तो पीने के पानी की परवाह की और न ही यमुना के शुद्धिकरण के बारे में बात की।' उन्होंने यमुना को साफ करने की बात कही है, जिसमें सीप्लेन उतरेंगे और लोग 13 मिनट में आगरा पहुंच सकेंगे।
उन्होंने जल संकट और सीवेज के मुद्दों पर भी बात की और बताया कि दिल्ली में 360 करोड़ लीटर कचरा निकलता है जो यमुना को प्रदूषित करता है। प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों पर ध्यान दिलाते हुए उन्होंने सवाल किया,'क्या दिल्ली सरकार को इस पर काम नहीं करना चाहिए? आपके बच्चों का क्या होगा?"
Delhi Chunav 2025: पांच साल में लैंडफिल साइटों की जगह पार्क और शैक्षणिक संस्थान बनाने का भरोसा
गडकरी के अनुसार आगामी चुनाव दिल्ली के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा,'यह चुनाव भाजपा या कांग्रेस का भविष्य तय करने के लिए नहीं है; यह दिल्ली के गरीब नागरिकों का भविष्य तय करने के लिए है।' उन्होंने मतदाताओं से स्वच्छ और बेहतर शहर के लिए भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया।
गडकरी ने आश्वासन दिया कि पांच साल के भीतर लैंडफिल साइटों को साफ कर दिया जाएगा और उन्हें उद्यानों और शैक्षणिक संस्थानों में बदल दिया जाएगा।
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 5 फरवरी को होने हैं,और मतगणना 8 फरवरी को होगी। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications