Delhi Chunav 2025: दिल्ली की सभी 70 सीटों पर BSP लडे़गी चुनाव, मायावती ने बनाया खास प्लान
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर देश की राजधानी में राजनीतिक माहौल काफी गरमाया हुआ है। इस बीच, मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी कमर कस ली है। बीएसपी जल्द ही दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों की पहली सूची जनवरी के मध्य तक जारी होने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि दिल्ली को पांच जोन में बांटा गया है और हर जोन में उम्मीदवारों के नाम तय करने की प्रक्रिया जारी है। दरअसल, इस साल फरवरी में होने दिल्ली विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।

इस बार यह चुनाव (दिल्ली विधानसभा चुनाव) काफी दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण होने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए, क्योंकि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी 70 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं, कांग्रेस ने 47 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस बीच, दिल्ली चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा भी जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी।
जिसके बाद से दिल्ली में राजनीतिक लड़ाई त्रिकोणीय होती दिख रही है। ऐसे में मायावती की पार्टी बीएसपी के दिल्ली चुनाव में शामिल होने से मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है। बीएसपी के एक पदाधिकारी ने बताया कि सभी 70 सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया की देखरेख और प्रबंधन के लिए प्रत्येक जोन में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं।
ये समन्वयक अपनी सिफारिशें अंतिम रूप देकर बीएसपी प्रमुख मायावती को सौंपेंगे। उम्मीदवारों पर अंतिम फैसला इन्हीं सिफारिशों के आधार पर होगा। बता दें, बीएसपी का लक्ष्य 15 जनवरी तक अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देना है। फिलहाल, बीएसपी के पदाधिकारियों द्वारा जमीनी स्तर पर छोटी-छोटी बैठकें की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications