Delhi Chunav 2025: मतदान प्रतिशत बढ़ाने में जुटा चुनाव आयोग, स्कूली बच्चे सिखाएंगे कैसे निभाएं जिम्मेदारी?
Delhi Chunav 2025: चुनाव आयोग ने मूल रूप से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के इरादे से ही 5 फरवरी, 2025 (बुधवार) को दिल्ली में मतदान की तारीख तय की है। कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में सप्ताह के बीच वाले दिन में मतदान करवाने के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। इसके साथ ही दिल्ली में मतदाताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान केंद्रों पर खींचकर लाने के लिए चुनाव आयोग ने स्कूली बच्चों की मदद लेने की ठानी है।
दिल्ली में निर्वाचन अधिकारियों ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि 3 फरवरी,2025 (सोमवार) को मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूली बच्चों से प्रभात फेरी निकलवाएं। यह प्रभात फेरी दिल्ली में सर्दी के मौसम को देखते हुए सुबह 9 बजे से निकाली जानी है।

Delhi Chunav 2025: मतदाता जागरूकता के लिए स्कूली बच्चे निकालेंगे प्रभात फेरी
अलग-अलग जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है, 'जैसा कि आपको पता है कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव 5 फरवरी, 2025 को होना है। इसके तहत आम जनता को जागरूक करने और दिल्ली में वोट डालने के लिए प्रेरित करने के लिए मुझे निर्देश मिला है कि आपसे अनुरोध करूं कि है कि आप अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की एक प्रभात रैली आयोजित करें।'
Delhi Chunav 2025: स्कूली बच्चे सिखाएंगे मतदान क्यों है जरूरी
इस दौरान प्रभात फेरी के लिए समय और तारीख तय रहेगी। इसके लिए विद्यार्थियों को पोस्टर और बैनर उपलब्ध कराए जाएंगे। इन जागरूकता सामग्रियों में एकरूपता रखने के भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। सभी बच्चे अपने स्कलों के आसपास के मोहल्लों और कॉलोनियों में ही प्रभात फेरी निकालेंगे।
छात्रों के साथ उनके टीचर भी मौजूद रहेंगे और दिल्ली के मतदाताओं को अपने मताधिकार के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के लिए वह नारे भी लगाएंगे।
Delhi Chunav 2025: कुतुब मीनार में भी आयोजित हो चुका है खास कार्यक्रम
बता दें कि वोटरों को मतदान के प्रति आकर्षित करने के लिए पिछले बुधवार को ही ऐतिहासिक कुतुब मीनार का भी उपयोग किया गया था। इसमें लेजर लाइट का इस्तेमाल करके उसपर लिखा था, 'आई वोट पर श्योर (I vote for sure).'
इस मौके पर चुनाव आयोग की ओर से कुतुब मीनार परिसर में एक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर एंड ऑब्जर्वर ऑफिसर एलिस वाज़ (आईएएस) मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान कुतुब पर दिल्ली में मतदान की तारीख भी डिस्प्ले की गई।
Delhi Chunav 2025: मतदान करने के लिए ली गई शपथ
इस मौके पर भारत की विविधता को लेकर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी उपस्थित मतदाताओं ने यह शपथ ली कि '5 फरवरी को मतदान अवश्य करेंगे।'
Delhi Chunav 2025: मतदान के प्रति बेरुखी शहरी ट्रेंड को सुधारने में जुटा चुनाव आयोग
दरअसल, शहरी सीटों पर मतदान के लिए मिली छुट्टी का इस्तेमाल कामकाजियों के एक वर्ग में आउटिंग के लिए इस्तेमाल करने को लेकर बहुत बड़ी चिंता पैदा हुई है। यह ट्रेंड हैदराबाद, मुंबई से लेकर देश के सभी बड़े शहरों में उभरता दिखा है। चुनाव आयोग इसी को हर हाल में रोकने की कोशिशों में जुटा है।












Click it and Unblock the Notifications