Delhi Chunav 2025: BJP के 'संकल्प पत्र' में आगे मिलेगी क्या गारंटी? पहले दिखाया 8 का दम
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने अपने पहले संकल्प पत्र में चुनावी रेवड़ियों की 8 किश्त जारी की है, अब इसकी कम से कम दो किश्तें और आने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र के पहले हिस्से में महिलाओं, गरीबों, झुग्गी-झोपड़ी वालों और बुजुर्ग वोटरों के लिए वादों का पिटारा खोला है।
संकल्प पत्र के अगले हिस्से में भाजपा अपने मध्यम वर्गीय कोर वोटर पर फोकस कर सकती है। साथ ही अब काफी महत्वपूर्ण हो चुके युवा वोटरों के लिए भी वादों की झरी लगती देखी जा सकती है।

Delhi Chunav 2025: आगे मिडिल क्लास और कारोबारियों पर भाजपा लगा सकती है दांव
भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी संकल्प पत्र के अपने अगले हिस्से में मिडिल क्लास वोटरों के लिए घोषणाएं कर सकती है। इसके साथ ही व्यापारी और सभी तरह के कारोबारियों और उद्योगपतियों के लिए भी घोषणाएं होने की संभावना है।
Delhi Chunav 2025: 8वें वेतन आयोग के गठन की घोषणा से दिल्ली बीजेपी गदगद
केंद्र की ओर से 8वें वेतन आयोग के गठन की घोषणा से दिल्ली बीजेपी पहले ही गदगद है और उसे लग रहा है कि इससे न सिर्फ सरकारी कर्मचारियों को बहुत बड़ी राहत मिली है,बल्कि कहीं न कहीं इससे निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को भी लाभ मिलना तय है।
इस कड़ी में मंदिरों और गुरुद्वारों के लिए भी विशेष एलान संभव है। क्योंकि, सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पुजारियों और ग्रंथियों के लिए 18,000 रुपए महीना देने का वादा कर चुकी है।
मध्य वर्ग के मामले में भी बीजेपी महिलाओं को लेकर कुछ और वादे कर सकती है। साथ ही साथ दिल्ली के व्यापारियों के व्यापार को सुगम बनाने के लिए कोई खास योजना लेकर आ सकती है। वैसे भी व्यापारी वर्ग हमेशा से भाजपा का कोर वोटर माना जाता है;और यही बात मध्यम वर्ग पर भी लागू होता है।
Delhi Chunav 2025: युवा वोटरों की भी हो सकती है बल्ले-बल्ले
बीजेपी के पहले संकल्प पत्र में अभी युवाओं के लिए कोई योजना पेश नहीं की गई है। संभवत: दूसरे या तीसरे संकल्प पत्र में इस वर्ग के लिए वादों का पिटारा खुलना तय है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार दिल्ली में जो कुल 1.55 करोड़ मतदाता हैं, उनमें से करीब 28 लाख वोटर 30 साल से कम उम्र के हैं। इनमें से 2.08 लाख तो पहली बार वोट डालेंगे।
इनके अलावा सबसे बड़ी घोषणा ये होने की संभावना है कि महाराष्ट्र की तरह 10वीं से ग्रेजुएशन और पीएचडी छात्र-छात्राओं को बेरोजगारी भत्ता भी दी जा सकती है। महाराष्ट्र में भाजपा की अगुवाई वाली महायुति सरकार में 'लड़का भाऊ योजना' के तहत युवाओं को 6 से लेकर 10 हजार रुपए तक बेरोजगारी भत्ते का इंतजाम है।
बीजेपी सूत्रों के अनुसार अपने संकल्प पत्र के लिए बीजेपी ने पिछले कुछ हफ्तों में पौने दो लाख से भी ज्यादा फीडबैक जुटाए हैं। इसको लेकर समाज के अनेक समुदायों के साथ चर्चा भी की है और सुझाव जुटाने के लिए 40 से अधिक एलईडी का भी लाभ उठाया गया है।
Delhi Chunav 2025: भाजपा के 'संकल्प' पत्र का पहला भाग
बीजेपी ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए संकल्प पत्र का जो पहला हिस्सा जारी किया है, उसमें नीचे दिए गए 8 प्रमुख गारंटियां दी गई हैं-
1) सभी मौजूदा कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी और उन्हें और प्रभावी और भ्रष्टाचार मुक्त किया जाएगा।
2) सभी गरीब महिला को हर महीने 2,500 रुपए क आर्थिक मदद
3) सभी गर्भवती महिला को 21,000 रुपए की आर्थिक मदद और 6 पोषण किट मुफ्त
4) सभी गरीब परिवारों को मात्र 500 रुपए में एलपीजी सिलेंडर और होली-दीवाली पर एक-एक सिलेंडर बिल्कुल फ्री
5) पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना लागू। केंद्र की ओर से 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज और राज्य की ओर से 5 लाख रुपए का अतिरिक्त मुफ्त इलाज
6) सभी वरिष्ठ नागरिकों को 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज, ओपीडी और जांच की सुविधा भी फ्री
7) वरिष्ठ नागरिकों को 2,000 के बदले 2,500 रुपए हर महीने पेंशन।
70 से ज्यादा के बुजुर्गों, विधवाओं, बेसहारा,और परित्यक्त महिलाओं को 2,500 रुपए से 3,000 रुपए प्रति महीने
8) जेजे क्लस्टर में अटल कैंटीन की स्थापना होगी, सिर्फ 5 रुपए में मिलेगा पौष्टिक भोजन।












Click it and Unblock the Notifications