Delhi Chandan Park Murder: दिल्ली में कसाई बना शख्स! पत्नी और 3 मासूम बेटियों का गला रेता
Delhi Chandan Park Murder: दिल्ली के आउटर नॉर्थ इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चंदन पार्क में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी और तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक ही कमरे में चारों के शव खून से लथपथ मिले।
पड़ोसियों ने जब घर का मंजर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान अनीता के रूप में हुई है। शक की सुई पति मुंचन केवट पर है, जो वारदात के बाद से ही फरार है।

Delhi News: एक ही झटके में खत्म हुआ पूरा परिवार
चंदन पार्क इलाके में स्थित एक मकान के कमरे में जब पुलिस दाखिल हुई, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। आरोपी ने किसी तेज धारदार हथियार से अपनी पत्नी और तीन छोटी बेटियों का गला काट दिया था। मासूमों की चीखें शायद पड़ोसियों तक नहीं पहुंच पाईं। पुलिस ने मौके पर क्राइम और FSL की टीमों को बुलाया है ताकि वैज्ञानिक सबूत जुटाए जा सकें। इस सामूहिक हत्याकांड ने पूरी दिल्ली को सन्न कर दिया है।
फरार पति पर गहराया शक
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतका अनीता का पति मुंचन केवट मुख्य संदिग्ध बनकर उभरा है। बताया जा रहा है कि मुंचन सुबह से ही घर से गायब है और उसका फोन भी बंद आ रहा है। पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने मुंचन को सुबह जल्दी में निकलते देखा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि एक पिता अपनी ही औलादों का कातिल बन बैठा।
ये भी पढे़ं: Delhi News: 'पूर्वोत्तर के बच्चों के साथ बदतमीजी अब बर्दाश्त नहीं', मालवीय नगर मामले पर बरसे किरेन रिजिजू
पड़ोसियों ने दी पुलिस को खबर
इस कत्लेआम का खुलासा तब हुआ जब सुबह काफी देर तक अनीता के घर का दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों ने जब खिड़की से झांककर देखा तो अंदर लाशें बिछी हुई थीं। उन्होंने तुरंत समयपुर बादली थाने की पुलिस को फोन किया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले में नए कानून (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
ये भी पढे़ं: Rename Delhi to Indraprastha: दिल्ली का नाम इंद्रप्रस्थ होगा, BJP सांसद ने अमित शाह को लिखा पत्र
आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
आरोपी मुंचन केवट को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने कई स्पेशल टीमें बनाई हैं। पुलिस उसके रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इलाके में डर का माहौल है और लोग समझ नहीं पा रहे कि कोई इतना निर्दयी कैसे हो सकता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे की असली कहानी क्या है और क्या कोई पुरानी रंजिश थी।












Click it and Unblock the Notifications