Delhi News: 'पूर्वोत्तर के बच्चों के साथ बदतमीजी अब बर्दाश्त नहीं', मालवीय नगर मामले पर बरसे किरेन रिजिजू
Kiren Rijiju on Northeast Students: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली के मालवीय नगर में अरुणाचल प्रदेश की तीन युक्तियों के साथ हुए नस्लीय दुर्व्यवहार और धमकी की घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गिरफ्तारियां भी हुई हैं।
रिजिजू ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा अब सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुरानी सरकारों और वर्तमान व्यवस्था के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि अब पूर्वोत्तर के छात्रों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Northeast Students Security Delhi Police: त्वरित कार्रवाई और व्यक्तिगत निगरानी
रिजिजू ने बताया कि घटना के पहले दिन से ही उनका कार्यालय पीड़ित युवतियों और दिल्ली पुलिस के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं ताकि दोषियों को ऐसा सबक सिखाया जा सके कि भविष्य में कोई पूर्वोत्तर के लोगों के साथ दुर्व्यवहार न करे। मंत्री के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आवश्यक गिरफ्तारियां कर ली हैं और अब सख्त कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
ये भी पढे़ं: Najafgarh Drain Corridor के किनारे 61 KM रोड, गुरुग्राम तक सीधे जुड़ेगी दिल्ली, 454 करोड़ का मास्टरस्ट्रोक
बदलता भारत और पुलिस का रवैया
अतीत की याद दिलाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले पूर्वोत्तर के बच्चों के साथ मारपीट और उत्पीड़न आम बात थी, और पुलिस भी अक्सर उन्हें ही परेशान करती थी। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब पुलिस पूर्वोत्तर के नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करती है और उन्हें सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पहले की तरह अब कोई भी हमारे बच्चों को प्रताड़ित करके बिना किसी जवाबदेही के नहीं बच सकता।
दिल्ली पुलिस की विशेष सेल का महत्व
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस के भीतर एक विशेष बल (Special Force) का गठन किया गया है, जो विशेष रूप से पूर्वोत्तर के लोगों से जुड़े मुद्दों को देखता है। रिजिजू ने कहा कि यह बल किसी भी शिकायत पर तुरंत हरकत में आता है। केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में जहां भी पूर्वोत्तर के नागरिकों के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, उनका कार्यालय और सरकार वहां के प्रशासन के साथ मिलकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।
ये भी पढे़ं: Rename Delhi to Indraprastha: दिल्ली का नाम इंद्रप्रस्थ होगा, BJP सांसद ने अमित शाह को लिखा पत्र
पूर्वोत्तर के सम्मान की रक्षा का संकल्प
किरेन रिजिजू ने पूर्वोत्तर के लोगों को आश्वासन दिया कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनकी गरिमा की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के लोग स्वभाव से अच्छे होते हैं, लेकिन अगर उन्हें निशाना बनाया गया तो उसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। एक वरिष्ठ मंत्री के रूप में वे अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं और पूर्वोत्तर के गौरव को बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications