Delhi Blast: NIA और NSG ने संभाला मोर्चा! PM मोदी ने लिया स्थिति का जायजा,सुरक्षा एजेंसियों को मिली ये हिदायत
Delhi Bomb Blast: दिल्ली में सोमवार, 10 नवंबर शाम हुए लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात कर स्थिति की जानकारी ली है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और कहा है कि घायलों को हर संभव सहायता दी जाए तथा धमाके के कारणों की गहन जांच की जाए।

धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। फायर सर्विस को इस घटना की जानकारी शाम करीब 7 बजे मिली। सूचना मिलते ही मौके पर 7 फायर टेंडर भेजे गए। डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक ने बताया कि आग पर 7 बजकर 29 मिनट तक नियंत्रण पा लिया गया था, लेकिन तब तक पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो चुकी थीं।
अधिकारियों के अनुसार, धमाके में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों को पास के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटनास्थल से कार के जले हुए अवशेष और मलबा बरामद किया गया है, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में लिया है।
PM मोदी ने ली स्थिति की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से बात कर दिल्ली में हुई इस घटना के बाद स्थिति का जायजा लिया। पीएम ने कहा है कि घटना में घायल लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और जो भी एजेंसियां जांच में लगी हैं, वे शीघ्र रिपोर्ट सौंपें।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ऑफिस लगातार गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस से अपडेट ले रहा है। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी तुरंत दिल्ली पुलिस कमिश्नर और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक से बात की। अमित शाह ने निर्देश दिया है कि इस मामले की गहन और त्वरित जांच की जाए और किसी भी सुराग को नजरअंदाज न किया जाए।
गृह मंत्री अमित शाह बोले - "हर एंगल से होगी जांच"
गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए बताया कि धमाके की सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद NSG, NIA और FSL की टीमें भी जांच में जुट गई हैं।
अमित शाह ने कहा, "इस शाम करीब 7 बजे दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल के पास एक हुंडई i20 कार में धमाका हुआ। इसमें कुछ राहगीर घायल हुए हैं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों ने अपनी जान गंवाई है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। एनएसजी, एनआईए और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच शुरू कर दी है। मैंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और स्पेशल ब्रांच इंचार्ज से बात की है, दोनों मौके पर मौजूद हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि धमाके की जांच के लिए आसपास के सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के आदेश दिए गए हैं। शाह ने कहा कि सरकार हर संभावना पर विचार कर रही है और किसी भी एंगल को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाएगा।
#WATCH | Delhi: Blast near Red Fort Metro Station | Union Home Minister Amit Shah says "This evening, around 7 pm, a blast occurred in a Hyundai i20 car at the Subhash Marg traffic signal near the Red Fort in Delhi. The blast injured some pedestrians and damaged some vehicles.… pic.twitter.com/BfRei3r3tx
— ANI (@ANI) November 10, 2025
NIA, NSG और फॉरेंसिक टीमें मौके पर
धमाके की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने तुरंत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और फॉरेंसिक विभाग की टीमों को मौके पर भेजा। ये टीमें घटनास्थल पर विस्फोटक के नमूने और डिजिटल साक्ष्य जुटा रही हैं। फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन जांच एजेंसियां किसी भी आतंकी साजिश या तकनीकी खराबी की संभावना से इंकार नहीं कर रही हैं।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि वे गृह मंत्री अमित शाह के लगातार संपर्क में हैं और उन्हें स्थिति की हर जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "धमाके की जांच सभी संभावित कोणों से की जा रही है। एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक टीम मिलकर साक्ष्य जुटा रही हैं। जब तक प्रारंभिक रिपोर्ट नहीं आ जाती, कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।"
इस ऑपरेशन में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, NIA, NSG और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं। सभी एजेंसियां मिलकर कार ब्लास्ट की तकनीकी जांच कर रही हैं - कार में क्या रखा था, किस वजह से आग लगी, और धमाके की ताकत कितनी थी ये सवाल जांच के केंद्र में हैं।












Click it and Unblock the Notifications