Delhi AQI: दिल्ली का दम घुटा! ऑफिसों में 50% स्टाफ, वर्क फ्रॉम होम की तैयारी, GRAP-4 के नियम लागू
Delhi AQI GRAP 3 Restrictions: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। शनिवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 360 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है।
आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका के चलते केंद्र सरकार की एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमिशन (CAQM) ने बड़े कदम उठाए हैं। आयोग ने GRAP (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) के स्टेज 4 में लागू होने वाले कुछ कड़े प्रतिबंध इस बार स्टेज 3 में ही लागू करने का निर्देश दिया है।

SC के निर्देश के बाद सख्ती बढ़ी
CAQM ने यह कदम सुप्रीम कोर्ट की 19 नवंबर की टिप्पणी के बाद उठाया है। अदालत ने कहा था कि दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता और खराब हो सकती है, इसलिए आयोग को हितधारकों से परामर्श कर समय से पहले कार्रवाई करनी चाहिए।
GRAP-4 के कौन से नियम अब स्टेज-3 में लागू होंगे?
CAQM के अनुसार अब GRAP-3 के तहत निम्न दो बड़े निर्णय लागू किए जाएंगे:
1. NCR में 50% कर्मचारियों के साथ ऑफिस खोलने का विकल्प
- दिल्ली सरकार और NCR के राज्य सरकारें यह निर्णय लेंगी कि
- सार्वजनिक, नगर निगम और निजी दफ्तरों में 50% कर्मचारी ऑफिस आएं, बाकी वर्क फ्रॉम होम करें।
2. केंद्रीय कर्मियों के लिए वर्क फ्रॉम होम का विकल्प
- केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों के लिए
- वर्क फ्रॉम होम की अनुमति देने पर विचार कर सकती है।
- यह कदम प्रदूषण को बढ़ाने वाले ट्रैफिक लोड को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अगले 6 दिन बेहद मुश्किल
मौसम विज्ञान मंत्रालय के "एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम" ने चेतावनी दी है कि अगले छह दिनों तक दिल्ली की हवा 'बेहद खराब' से 'गंभीर' (Severe) श्रेणी में बनी रह सकती है। इसकी वजह ठंडी हवाओं की कमी, हवा की गति बेहद धीमी होना, विंटर इन्वर्शन, स्थानीय प्रदूषण का जमाव का होना है। शनिवार, 22 नवंबर की सुबह 10 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 361 दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के 364 के करीब है।
GRAP-3 के तहत दिल्ली में लागू अन्य प्रतिबंध
पहले से लागू GRAP-3 के तहत राजधानी में कई सख्त कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं:
• गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर रोक
- सभी गैर-जरूरी कंस्ट्रक्शन और डेमोलिशन गतिविधियां बंद हैं।
• पुरानी गाड़ियों पर सख्ती
- BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल गाड़ियों के चलने पर रोक
- गंभीर प्रदूषण की स्थिति वाले दिनों में अतिरिक्त सख्ती भी लागू होती है।
• स्कूलों में आउटडोर एक्टिविटी पर प्रतिबंध
- दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों में खेलकूद और बाहरी शारीरिक गतिविधियों को रोकने के निर्देश दिए हैं।
• लोगों को बाहर कम निकलने की सलाह
- विशेष रूप से सुबह और शाम के समय, जब प्रदूषण सबसे अधिक होता है।
लोगों से क्या अपील?
CAQM और दिल्ली सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि-
- अनावश्यक वाहन न चलाएं
- कारपूलिंग का इस्तेमाल करें
- घर से बाहर जाते समय मास्क पहनें
- बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा मरीजों को सावधानी बरतने को कहा गया है
दिल्ली में हर सर्दियों की तरह इस बार भी प्रदूषण का संकट गहराता दिखाई दे रहा है, और विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते उठाए गए सख्त कदम ही स्थिति को नियंत्रित कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications