Delhi AQI: राजधानी में सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI 400 पार, इंडिया गेट पर प्रदर्शन में हाई-वोल्टेज ड्रामा
Delhi AQI Today: देश की राजधानी दिल्ली में हवा एक बार फिर सांस रोक देने वाली हो गई है। सोमवार, 24 नवंबर की सुबह राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 397 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के 6 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार यह स्थिति कम हवा की गति और लगातार गिरते तापमान की वजह से बनी है।
मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेज के Air Quality Early Warning System के अनुसार, दिल्ली की हवा अगले छह दिनों तक स्थिति बेहद 'गंभीर' श्रेणी में रह सकती है। हवा के थमने और तापमान गिरने से प्रदूषक जमीन के पास जमा हो रहे हैं।

20 मॉनिटरिंग स्टेशन पहुंचे 'गंभीर' श्रेणी में
दिल्ली के कुल 39 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 20 में AQI 400 से ऊपर दर्ज हुआ, यानी 'गंभीर' श्रेणी में। बाकी 19 स्टेशन 'बहुत खराब' श्रेणी (300-400) में रहे। विवेक विहार और रोहिणी में AQI सबसे ज्यादा 458, जबकि जहांगीरपुरी (455), वज़ीरपुर (448) और DTU (444) भी बेहद प्रदूषित रहे।
दिल्ली का AQI 6 नवंबर से लगातार 18 दिनों से 'बहुत खराब' श्रेणी में बना हुआ है। 11 से 13 नवंबर के बीच तीन दिन 'गंभीर' स्तर पर रहा। ठंड बढ़ने, हवा की रफ्तार कम होने और दिवाली के बाद पराली जलने की घटनाओं ने राजधानी की हवा को और बिगाड़ दिया है। रविवार शाम 4 बजे राजधानी का औसत AQI 391 था, जो शनिवार के 370 और शुक्रवार के 364 की तुलना में बढ़ा हुआ था।
वायु प्रदूषण से बिगड़ रही लोगों की सेहत
लगातार जारी जहरीले स्मॉग ने दिल्लीवासियों की सेहत पर गंभीर असर डाला है। अस्पतालों में सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक ऐसे AQI में रहना बेहद खतरनाक हो सकता है। हालात बिगड़ने के बाद सरकार ने GRAP (Graded Response Action Plan) के चरण 4 के कुछ नियमों को पहले ही चरण 3 के तहत लागू कर दिया है।
इंडिया गेट पर प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन में हंगामा
रविवार शाम इंडिया गेट पर कई नागरिक बढ़ते प्रदूषण और सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे। लेकिन हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर चिली स्प्रे (मिर्च स्प्रे) का इस्तेमाल किया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वे C-हेक्सागन क्षेत्र खाली करें, क्योंकि वहां से एंबुलेंस और मेडिकल वाहन गुजर रहे थे। लेकिन वे नहीं माने। DCP (नई दिल्ली) देवेश कुमार महला ने बताया कि कई पुलिसकर्मियों की आंखों और चेहरे पर स्प्रे लगा, जिन्हें RML अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि इस तरह का हमला पहली बार देखने को मिला है, और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications