Delhi AQI Today: दिल्ली-NCR में हवा में घुला जहर! अगले 10 दिनों तक नहीं मिलेगी राहत, क्या है आज का AQI
Delhi AQI Today: राजधानी दिल्ली और एनसीआर (Delhi-NCR) में वायु प्रदूषण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। रविवार को दिल्ली की हवा सीजन में सबसे ज्यादा प्रदूषित दर्ज की गई, जब औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 391 के पार पहुंच गया।
सोमवार, 10 नवंबर को हवा की गति थोड़ी बढ़ने से मामूली सुधार देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में ही बनी हुई है। आइए जानते हैं दिल्ली-एनसीआर में आज का AQI कितना है?

दिल्ली में स्मॉग की चादर
सुबह के वक्त दिल्लीवासियों ने जब आंखें खोलीं तो पूरा आसमान धुंध की मोटी परत से ढका हुआ था। न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे ठंड के साथ प्रदूषण का असर और भी ज्यादा महसूस हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सोमवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत AQI 346 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी तक पहुंच चुकी है। बवाना में AQI 412, वज़ीरपुर में 397, जहांगीरपुरी में 394 और नेहरू नगर में 386 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में भी हालात बेहतर नहीं हैं - नोएडा में AQI 366, गाजियाबाद में 345 और ग्रेटर नोएडा में 340 रहा।
GRAP-3 लागू नहीं, जारी रहेंगे पहले के प्रतिबंध
प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने रविवार शाम स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद आयोग ने फैसला किया कि अभी GRAP स्टेज-3 लागू करने की आवश्यकता नहीं है। आयोग का कहना है कि फिलहाल हवा की गति में सुधार हुआ है और प्रदूषण में मामूली कमी आई है। इसलिए GRAP के स्टेज 1 और 2 के तहत लागू नियम ही फिलहाल जारी रहेंगे।
अगर GRAP-3 लागू होता तो दिल्ली-एनसीआर में नॉन-एसेंशियल निर्माण कार्य पर रोक, BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल वाहनों की एंट्री बंद, और स्कूलों को ऑनलाइन मोड पर ले जाने जैसे कड़े कदम उठाए जाते।
अगले 10 दिनों तक नहीं मिलेगी राहत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 10 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में ही बनी रहेगी। हवा की रफ्तार 10 से 15 किमी/घंटा रहने की संभावना है, लेकिन प्रदूषकों के फैलने के लिए यह पर्याप्त नहीं मानी जा रही।
इंडिया गेट पर प्रदर्शन, कई लोग हिरासत में
प्रदूषण के बढ़ते स्तर से नाराज नागरिकों ने रविवार, 9 नवंबर को शाम इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में "I Can't Breathe", "हवा में जहर है", और "क्योंकि सास भी कभी चलती थी" जैसे स्लोगन वाली तख्तियां थीं। कई पैरेंट्स, छात्रों और युवाओं ने इसमें हिस्सा लिया। दिल्ली पुलिस ने सड़क जाम करने की कोशिश कर रहे कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। नई दिल्ली डीसीपी देवेश कुमार महला ने कहा, "हमने प्रदर्शनकारियों से कई बार अपील की कि वे सड़क न रोकें। जो नहीं माने, उन्हें हिरासत में लिया गया।"
प्रदूषण को लेकर जारी राजनीतिक बहस में भी गर्मी बढ़ गई है। दिल्ली सरकार के एक मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदूषण नियंत्रण को लेकर ठोस कदम नहीं उठा रही, जबकि भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी केवल आरोप लगाने में व्यस्त है और प्रदूषण रोकने के लिए कोई व्यावहारिक कदम नहीं उठा रही।
AQI का मतलब क्या होता है?
CPCB के मानकों के अनुसार:
- 0-50: अच्छा
- 51-100: संतोषजनक
- 101-200: मध्यम
- 201-300: खराब
- 301-400: बहुत खराब
- 401-500: गंभीर
फिलहाव में दिल्ली का औसत AQI 370-390 के बीच झूल रहा है, यानी हवा सांस लेने लायक नहीं बची है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों वाले लोगों को घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications