Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Delhi Pollution: दिल्ली में अब मास्क मजबूरी! AQI 400 के पार, ऐसी एयर क्वालिटी में क्या करें क्या ना करें?

Delhi AQI Today Update: दिल्ली एनसीआर में रहने वालों के लिए हवा अब सिर्फ खराब नहीं, बल्कि खतरनाक होती जा रही है। शनिवार (17 जनवरी) सुबह राजधानी की तस्वीरें डराने वाली रहीं। ITO से लेकर आनंद विहार, चांदनी चौक और जहांगीरपुरी तक जहरीली स्मॉग की मोटी परत छाई रही। CPCB के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 5 बजे दिल्ली का औसत AQI 364 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।

इससे पहले शुक्रवार को यह आंकड़ा 356 था। यानी हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते जा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और सिरदर्द जैसी शिकायतें आम हो गई हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के SAMEER ऐप के आंकड़े बता रहे हैं कि दिल्ली की हवा अब 'बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी के बीच झूल रही है।

Delhi AQI Today Update

दिल्ली के किस इलाकों में कितना AQI? (Delhi-NCR AQI 'very poor' category)

दिल्ली के कई इलाकों में तो स्थिति और भी ज्यादा गंभीर है। आनंद विहार में AQI 437 पहुंच गया, पटपड़गंज में 429 और चांदनी चौक में 426 दर्ज किया गया। नेहरू नगर और विवेक विहार भी 400 के पार रहे, जो सीधे 'गंभीर' श्रेणी का संकेत है।

दिल्ली के कई हिस्से ऐसे भी हैं जहां AQI 'बहुत खराब' स्तर पर बना हुआ है। जहांगीरपुरी में 416, द्वारका सेक्टर-8 में 401 और ITO इलाके में AQI 402 दर्ज किया गया। वजीरपुर, सोनिया विहार, मुंडका और पूसा जैसे इलाकों में भी हवा सांस लेने लायक नहीं बची। वहीं CRRI मथुरा रोड पर AQI 278 और IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 298 दर्ज हुआ, जो 'खराब' श्रेणी में आता है, लेकिन यह भी राहत की स्थिति नहीं मानी जाती।

AQI स्केल क्या कहता है और क्यों डरना जरूरी है?

CPCB के मानकों के मुताबिक 0 से 50 AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है। दिल्ली इस वक्त लगातार 400 के आसपास या उससे ऊपर बनी हुई है, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक संकेत है। डॉक्टरों के मुताबिक ऐसी हवा में लंबे समय तक रहने से फेफड़ों, दिल और आंखों पर सीधा असर पड़ता है।

GRAP-3 की वापसी, फिर से लगीं सख्त पाबंदियां (Delhi GRAP-III restrictions)

हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी CAQM ने दिल्ली एनसीआर में GRAP के चरण-3 की पाबंदियां दोबारा लागू कर दी हैं। बता दें कि 2 जनवरी को हवा में थोड़े सुधार के बाद GRAP-3 हटाया गया था, लेकिन अब स्थिति फिर बिगड़ने पर इसे एहतियातन वापस लाना पड़ा है। GRAP-1 और GRAP-2 की पाबंदियां पहले से लागू हैं।

GRAP-3 के तहत क्या-क्या बंद रहेगा?

GRAP-3 लागू होने के बाद दिल्ली एनसीआर में सभी तरह के निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े काम रोक दिए गए हैं। बोरिंग, ड्रिलिंग, सीवर और ड्रेनेज लाइन डालने, सड़क निर्माण, बड़ी मरम्मत, वेल्डिंग, गैस कटिंग, पेंटिंग और प्लास्टर जैसे काम नहीं हो सकेंगे। धूल उड़ाने वाले सामान की लोडिंग-अनलोडिंग पर भी रोक है। इसके अलावा BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड BS-4 डीजल LCV को राजधानी में प्रवेश की इजाजत नहीं होगी, सिवाय जरूरी सेवाओं के।

आगे और बिगड़ सकती है दिल्ली की हवा

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक मौसम विभाग का अनुमान है कि हवा की रफ्तार धीमी रहने और वातावरण के स्थिर बने रहने के कारण आने वाले दिनों में दिल्ली का औसत AQI 400 के पार जा सकता है। यानी 'गंभीर' श्रेणी में पहुंचने का खतरा बना हुआ है। सर्दियों में वाहन उत्सर्जन, पराली जलाना, पटाखे और स्थानीय प्रदूषण के स्रोत हालात को और बिगाड़ देते हैं।

AQI 400 से 500 के बीच हो तो क्या करें, क्या न करें (Delhi AQI Dos and don'ts)

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और CPCB की सलाह के मुताबिक
• बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और सुबह की सैर से बचें
• बाहर जाना जरूरी हो तो N95 या उससे बेहतर मास्क जरूर पहनें
• बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या हार्ट के मरीजों को खास सतर्कता बरतनी चाहिए
• घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें और खिड़कियां बंद रखें
• भारी एक्सरसाइज और खुले में खेलकूद से बचें
• आंखों में जलन, सांस की तकलीफ या सीने में दर्द हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

कुल मिलाकर दिल्ली एनसीआर में इस वक्त हवा दुश्मन बन चुकी है। जब तक मौसम बदलकर राहत नहीं देता, तब तक सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। मास्क अब विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+