Delhi Air Pollution: एयर पॉल्यूशन के कारण दिल्ली-NCR में जहरीली हो रही हवा, आनंद विहार में गिरा AQI
Delhi Air Pollution News: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम के वक्त कोहरा (प्रदूषण की चादर) छाई रहती है। इस पॉल्यूश की वजह से लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत जैसी कई समस्याएं हो रही है।
दरअसल, राजधानी दिल्ली में यह वायु प्रदूषण आसपास जलाई जा रही पराली के कारण हो रहा है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे आनंद विहार का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गिरकर 454 पर पहुंच गया, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया। वहीं, द्वारका के सेक्टर-8 में AQI 311 दर्ज किया गया, जिसे 'बहुत खराब' श्रेणी में रखा गया।

जबकि, आईटीओ (ITO) का AQI 232 रहा, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया। जहांगीरपुरी और नेहरू पार्क में AQI क्रमशः 350 और 254 दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चेतावनी दी है कि 'गंभीर' AQI स्वस्थ व्यक्तियों को नुकसान पहुंचा सकता है और पहले से मौजूद बीमारियों से पीड़ित लोगों को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।
'खराब' AQI लंबे समय तक संपर्क में रहने पर सांस लेने में समस्या पैदा कर सकता है। जबकि 'बहुत खराब' रेटिंग से सांस संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। वहीं, बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए दिल्ली वासियों को बचाव के लिए मास्क पहनने की सलाह दी गई है। बढ़ते प्रदूषण के कारण कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में जहरीला झाग दिखाई दिया है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली की हवा और पानी की गुणवत्ता खराब करने के लिए आम आदमी पार्टी की आलोचना की। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर यमुना की सफाई के लिए दिए गए फंड का दुरुपयोग विज्ञापनों पर करने का आरोप लगाया। पूनावाला ने केजरीवाल को प्रदूषित यमुना नदी में तैरने की चुनौती दी।
उन्होंने केजरीवाल के 2025 तक नदी को साफ करने के अधूरे वादों का जिक्र किया, जो पहले 2020 के लिए निर्धारित किए गए थे। उन्होंने नदी की स्थिति के कारण छठ पूजा के दौरान आने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए जोखिम के बारे में चिंता व्यक्त की। वहीं,दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने वायु प्रदूषण पर निष्क्रियता के लिए भाजपा की आलोचना की।
राय ने इस बात पर जोर दिया कि इस संकट से निपटने के लिए सभी सरकारों के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों पर निष्क्रियता और इस मुद्दे की अनदेखी करने का आरोप लगाया। राय ने जोर देकर कहा कि प्रदूषण को प्रभावी ढंग से दूर करने के लिए सहयोग आवश्यक है।












Click it and Unblock the Notifications