आंखों से पानी..नाक बहना, सांस लेने में हुई दिक्कत, अपोलो अस्पताल के डॉक्टर ने दिल्लीवासियों को दी ये सलाह
Delhi Air Pollution: राजधानी दिल्ली में दिवाली की आतिशबाजी के कारण हवा और भी जहरीली हो गई है। खराब हवा ने एक बार फिर दिल्लीवासियों की चिंता बढ़ा दी है। बता दें, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में वायु प्रदूषण (Air Pollution) स्तर बढ़कर 359 पर पहुंच गया है। वहीं, आतिशबाजी के कारण धुएं के बादल छाए हुए है।
Recommended Video
राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों की आंखों से पानी आने, नाक बहने, खांसी, सांस लेने में कठिनाई और छाती में संक्रमण जैसी समस्याएं हो रही हैं। इतना ही नहीं, सरकारी से लेकर प्राइवेट अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। इस बीच, अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. निखिल मोदी ने दिल्ली वासियों को सलाह दी है।

अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. निखिल मोदी कहते हैं कि दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब हुए 10-14 दिन हो गए हैं। खांसी, सांस लेने में कठिनाई और छाती में संक्रमण की शिकायत वाले मरीज आ रहे हैं। मुझे प्रदूषण से संबंधित समस्याओं वाले और भी मरीज आने की उम्मीद है।
वायु प्रदूषण के कारण आंखों से पानी आना, नाक बहना, खांसी, सांस लेने में कठिनाई और छाती में संक्रमण जैसी समस्याएं हो रही हैं। हमने मरीजों को सलाह दी है कि वे उच्च प्रदूषण वाले घंटों में बाहर न निकलें और प्रदूषण के संपर्क में कम से कम आएं। जो लोग पहले से ही सांस की दवा ले रहे हैं, उन्हें दवा जारी रखने की जरूरत है।
इतना ही नहीं, उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आहार इस समस्या से लड़ने में मदद कर सकता है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन यानी शुक्रवार 01 नवंबर को दिल्ली में कई जगहों एक्यूआई (AQI) 350 से 400 के बीच रहा।
आतिशबाजी के कारण बढ़ा प्रदूषण
दिवाली की रात हुई आतिशबाजी के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण में इजाफा हुआ है। ऐसा बताया जा रहा है कि यहां आधी रात के आसपास प्रदूषण बेहद खतरनाक स्तर से अधिक पर पहुंच गया था। हालांकि, रात 1 बजे के बाद पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर में काफी गिरावट आई। लेकिन, अभी भी वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications