दिल्ली: 5 साल की बच्ची के साथ रेप, प्राइवेट पार्ट से हो रही थी ब्लीडिंग, अब DCW ने पुलिस को भेजा नोटिस
दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में 5 साल की बच्ची का अपहरण और रेप के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

दिल्ली में पांच साल की बच्ची के साथ हैवानियत की गई है। उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में बुधवार रात एक 5 साल की बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। फिर उसके साथ रेप किया गया। बच्ची गुरुवार सुबह करीब 7 बजे एक पार्क में मिली, उस वक्त उसके प्राइवेट पार्ट से ब्लीडिंग हो रही थी। बच्ची फिलहाल अस्पताल में है, उसकी सजर्री हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार है। अब दिल्ली महिला आयोग ने 5 साल की बच्ची से रेप के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है और आरोपी को जल्द से जल्द से गिरफ्तार करने की बात कही है।
DCW चीफ बोलीं- अपराधी जल्द हो अरेस्ट
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने शुक्रवार (23 दिसंबर) की सुबह ट्वीट किया और लिखा, ''5 साल की बच्ची का दिल्ली में रेप किया गया है। उसको भलस्वा डेयरी इलाके में घर के सामने से उठा के ले गए और बच्ची झील के पास पाई गयी। अभी अस्पताल में उसकी सर्जरी हुई है। मेरी टीम उसके साथ है। हमने दिल्ली पुलिस को नोटिस इशू किया है जिससे अपराधी तुरंत अरेस्ट हों!''
बच्ची के परिजनों ने किया सड़क जाम
बच्ची के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार (22 दिसंबर) की शाम सड़क जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के मुताबिक बुधवार (21 दिसंबर) शाम को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी से लापता हो गई। लड़की के माता-पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 363 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने तलाशी ली और प्रोटोकॉल के मुताबिक क्षेत्र में घोषणाएं कीं।
पार्क में बेसुध हालात में मिली बच्ची, प्राइवेट पार्ट से हो रही थी ब्लीडिंग
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे बच्ची एक पार्क के पास पड़ी मिली। उसके प्राइवेट पार्ट से ब्लीडिंग हो रही थी। लड़की को बाद में एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया था।
पुलिस ने अपहरण की शिकायत में यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम के अलावा बलात्कार से संबंधित आईपीसी की अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ''हमने विशेष कर्मचारियों और पुलिस स्टेशन की 10 टीमों को केस का अलग-अलग एंगल से जांच करने के लिए कहा है।आरोपियों का पता लगाने के लिए दबाव डाला है। हमें उम्मीद है कि अगले 24 घंटों में हम आरोपी को पकड़ लेंगे।''
(नोट: यौन उत्पीड़न से संबंधित मामलों पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार पीड़िता की निजता की रक्षा के लिए उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है)












Click it and Unblock the Notifications