दिल्ली: 16 साल के लड़के ने 17 वर्षीय शख्स को 60 बार घोंपा चाकू, CCTV वीडियो वायरल, 350 रुपये के लिए सारा कांड
Delhi young boy stabbed: दिल्ली में फिर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली में एक 16 वर्षीय किशोर ने 17 वर्षीय लड़के पर कम से कम 60 बार चाकू से वार कर हत्या कर दी है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। ये घटना 21 नवंबर की रात की है और पूर्वोत्तर दिल्ली के वेलकम इलाके में हुई है। आपको जानकर हैरानी होगी कि ये सारा कांड सिर्फ 350 रुपये की बिरयानी के लिए हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक 16 साल के लड़के ने 17 वर्षीय लड़के को 60 बार चाकू से घोंपा, उसकी गर्दन काटने की कोशिश की, उसके सिर पर लात मारी और उसके खून से लथपथ शरीर को पूर्वोत्तर दिल्ली के वेलकम इलाके की एक संकरी गली में घसीटा और मार दिया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि ये घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि संदिग्ध 16 वर्षीय लड़के को बुधवार (22 नवंबर) सुबह पकड़ लिया गया और उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की कि मंगलवार (21 नवंबर) की रात हुई हत्या के दौरान 16 वर्षीय लड़का नशे में था। वह अपने माता-पिता के साथ रहता है। आरोपी पढ़ाई नहीं करता है और स्कूल छोड़ चुका है।
आरोपी और मृतक दोनों दिहाड़ी मजदूर हैं और एक-दूसरे को नहीं जानते हैं। पीड़ित की पहचान जाफराबाद के निवासी के रूप में की गई है, जहां वह अपनी मां के साथ रहता था, जो घरेलू सहायिका है। पुलिस ने पीड़ित के नाबालिग होने का तर्क देते हुए उसका नाम उजागर नहीं किया।
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कहा कि, दोनों एक-दूसरे को नहीं जानते थे। आरोपी लड़के ने वेलकम इलाके में जनता मजदूर कॉलोनी में पीड़ित से संपर्क किया और उससे बिरयानी खरीदने के लिए 350 रुपये मांगे। जब लड़के ने मना किया तो 16 वर्षीय लड़के ने उसे लूटने की कोशिश की, जिसके बाद हाथापाई की नौबत आ गई। पुलिस ने कहा कि इसके बाद संदिग्ध ने पीड़ित का गला दबाया और उसे बेहोश कर दिया और चाकू से वार किया।
इस हत्या पर नॉर्थ ईस्ट के डीसीपी जॉय टिर्की का कहना है, "...हमें जानकारी मिली कि एक लड़के को चाकू मार दिया गया है...घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया...सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और आरोपी की पहचान की गई। वह 16 साल का लड़का है। इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मकसद डकैती था...आरोपी पैसे चुराने की कोशिश कर रहा था। जब पीड़ित ने विरोध किया तो पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू मार दिया...हमने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है...।''












Click it and Unblock the Notifications