कोरोना का कहर: दिल्ली कैंट कोविड सेंटर को फिर से खोलेगी सरकार, CM बोले- हमारी इन मांगों को मानो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने दिल्ली कैंट के कोविड सेंटर को फिर से शुरू करने का फैसला किया है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआत में इस सेंटर पर 500 बेड होंगे, जिन्हें धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा। उधर, नए मरीजों की संख्या आए रोज बढ़ने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वैक्सीन की और खुराक मांगी हैं। उन्होंने आज कहा कि, दिल्ली में 7 से 10 दिन की वैक्सीन बची है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बोले- "अगर हमें समुचित संख्या में वैक्सीन की खुराक उपलब्ध कराइ जाएं, आयु सीमा हटा दी जाए और बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन सेंटर खोलने की इजाजत दे दी जाए तो हम 2-3 महीने में पूरी दिल्ली को वैक्सीनेट कर सकते हैं।" कोरोना की समस्या पर ही केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने एम्स निदेशक, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के अधिकारियों, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और दिल्ली के मुख्य सचिव सहित सभी सरकारी शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक की है।
उपरोक्त बैठक में निर्णय लिया गया है कि सरकार द्वारा दिल्ली कैंट स्थित कोविड-सेंटर को फिर से खोला जाएगा। सरकारी अधिकारी ने कहा, "यह निर्णय लिया गया है कि 500 बेड वाले अस्पताल दिल्ली में फिर से खोले जाएंगे और डीआरडीओ केंद्र चलाएगा। यह निर्णय बड़े पैमाने पर आई समस्या के मद्देनजर लिया गया है।" उन्होंने आगे कहा, "इस सेंटर को हफ्तेभर के अंदर ही सक्रिय किया जाएगा और जल्द ही यह मरीजों को लेना शुरू कर देगा।"
अधिकारी ने कहा, "इस सुविधा को शुरू करने के लिए रक्षा क्षेत्र के डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ पैरामेडिक्स को बुलाया जाएगा। यह फैसला गृह सचिव अजय भल्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में किया गया है।" सूत्रों ने कहा कि, हालांकि अभी यह तय नहीं किया गया है कि छतरपुर स्थित दुनिया का सबसे बड़ा कोविड सेंटर फिर से शुरू होगा या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications