तेलंगाना के पूर्व सीएम KCR की चोट की खबर सुनकर चिंतित हुए सीएम केजरीवाल, शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति (BRS) प्रमुख के चंद्रशेखर राव (KCR) को गुरुवार रात एर्रावल्ली में अपने फार्महाउस में गिरने के बाद अस्पताल ले जाया गया। केसीआर को हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में एडमिट करवाया गया था। राव के बेटे और भारत राष्ट्र समिति के नेता केटी रामाराव ने अपने पिता की हेल्थ अपडेट देते हुए बताया कि केसीआर को फ्रैक्चर हुआ है और शुक्रवार को हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी हुई।

तेलंगाना के पूर्व सीएम की चोट के बारे में जानकारी मिलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केसीआर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
दिल्ली सीएम ने 'एक्स' पर लिखा
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की चोट के बारे में जानकर बहुत चिंतित हूं। शीघ्र स्वस्थ होने और निरंतर कल्याण के लिए मेरी हार्दिक प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।
हालांकि तेलंगाना पूर्व सीएम के बेटे केटीआर ने एक्स पर अपने पिता का हेल्थ अपडेट देते हुए एक और पोस्ट शेयर की है जिसमें उन्होंने लिखा
केसीआर गारू को अपने बाथरूम में गिरने के बाद आज हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी से गुजरना पड़ा। उन सभी को धन्यवाद जो उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए संदेश भेज रहे हैं।
केसीआर की बेटी और बीआरएस एमएलसी के कविता ने भी इससे पहले अपने पिता की हेल्थ के बारे में जानकारी दी थी कि उन्हें "मामूली चोट" लगी है और वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।
कविता ने एक्स लिखा था
बीआरएस सुप्रीमों केसीआर को मामूली चोट लगी है और फिलहाल वह अस्पताल में विशेषज्ञों की देखरेख में हैं। मिल रहे समर्थन और शुभकामनाओं से पिताजी जल्द ही बिल्कुल ठीक हो जाएंगे। सभी के प्यार के लिए आभारी हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तेलंगाना पूर्व सीएम की चोट की जानकारी मिलने पर सोशल मीडिया के जरिए केसीआर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पीएम मोदी ने लिखा
यह जानकर दुख हुआ कि तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर गारू को चोट लगी है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications