कोरोना का खतरा बढ़ा, सीएम केजरीवाल ने स्थगित किया डॉ. अंबेडकर पर होने वाला भव्य शो
दिल्ली में 5 जनवरी से डॉ. अंबेडकर पर एक भव्य शो होने वाला था, जिसे अब टाल दिया गया है।
नई दिल्ली, 26 दिसंबर: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने देश में महामारी की तीसरी लहर का खतरा बढ़ा दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश के 17 राज्यों में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 422 मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में ओमिक्रॉन के खतरे और कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने डॉ. बीआर अंबेडकर के जीवन पर आयोजित होने वाले उस शो को स्थगित कर दिया है, जो 5 जनवरी से शुरू होने वाला था। दिल्ली सरकार की तरफ से फिलहाल इस शो के लिए किसी नई तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।

Recommended Video
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस शो के स्थगित होने की जानकारी ट्वीट के जरिए देते हुए लिखा, 'दिल्ली सरकार ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 5 जनवरी से डॉ. बीआर अंबेडकर के जीवन पर एक भव्य शो आयोजित करने की योजना बनाई थी। लेकिन, कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए फिलहाल इस शो को स्थगित किया जा रहा है। दिल्ली में कोरोना वायरस के हालात में जैसे ही सुधार दिखेगा, हम बहुत जल्द शो के लिए नई तारीख का ऐलान करेंगे।'
13 जून के बाद शनिवार को मिले सबसे ज्यादा केस
आपको बता दें कि दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 249 मामले दर्ज हुए, जो इस साल 13 जून के बाद एक दिन में मिले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। 13 जून को दिल्ली में मिले कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 255 थी। इसके अलावा दिल्ली में शनिवार कोरोना वायरस की वजह से एक मौत भी दर्ज की गई।
दिल्ली में अब तक ओमिक्रॉन के मिले 79 मरीज
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राजधानी में इस समय कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 0.43 फीसदी है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 180 मरीज मिले और पॉजिटिविटी रेट 0.29 फीसदी रिकॉर्ड किया गया। गौरतलब है कि देश के 17 राज्यों में अब तक मिले ओमिक्रॉन वेरिएंट के 422 मामलों में से 79 केस अकेले दिल्ली में रिकॉर्ड किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications