Delhi Census 2027: दिल्ली में जनगणना का पहला चरण शुरू, आपके घर कब आएगी टीम और क्या पूछे जाएंगे सवाल?
Census 2027 First Phase: दिल्ली में आज (16 अप्रैल) से जनगणना 2027 का पहला फेज शुरू हो गया है। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी और घर-घर जाकर डेटा जुटाया जाएगा। यह सर्वे आने वाले समय में दिल्ली के विकास और सरकारी योजनाओं को बेहतर बनाने के लिए बहुत जरूरी है। आइए जानतें हैं जनगणना से जुड़ी पूरी जानकारी।
जनगणना के इस शुरुआती हिस्से को 'हाउस लिस्टिंग' कहा जाता है। इसमें लोगों की गिनती नहीं की जाती, बल्कि घरों और इमारतों की जानकारी ली जाती है। इसमें देखा जाएगा कि किस इलाके में कितने मकान हैं और वहां रहने वाले लोगों को कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं।

दो राउंड में पूरा होगा दिल्ली का काम
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के लिए अलग-अलग तारीखें तय की गई हैं:
- पहला राउंड (16 अप्रैल से 15 मई): नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) और दिल्ली कैंट के इलाकों में आज से काम शुरू हो गया है।
- दूसरा राउंड (16 मई से 15 जून): एमसीडी (MCD) के तहत आने वाले इलाकों में सर्वे अगले महीने से शुरू होगा।
पूछे जाएंगे 33 सवाल, मोबाइल ऐप से दर्ज होगा डेटा
इस सर्वे के लिए 700 से ज्यादा ट्रेनिंग लिए हुए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। वे आपके घर आकर करीब 33 सवाल पूछेंगे। खास बात यह है कि कोई कागज-कलम का इस्तेमाल नहीं होगा, कर्मचारी सीधे मोबाइल ऐप में जानकारी भरेंगे। आपसे ये बातें पूछी जा सकती हैं:
- घर आपका अपना है या किराए का।
- बिजली, पानी और टॉयलेट जैसी बेसिक सुविधाएं कैसी हैं।
- घर के मुखिया का नाम और अन्य जानकारी।
खुद भी भर सकते हैं जानकारी (Self-Enumeration)
अगर आप चाहते हैं कि कोई कर्मचारी घर न आए, तो आप खुद भी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी भर सकते हैं। NDMC और कैंट एरिया के लिए यह समय कल खत्म हो चुका है। MCD इलाकों में रहने वाले लोग 1 मई से ऑनलाइन जानकारी भर सकेंगे। यह मौका सर्वे शुरू होने से 15 दिन पहले दिया जा रहा है।
पूरी तरह सुरक्षित रहेगी आपकी जानकारी
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि जो भी डेटा आप देंगे, वह पूरी तरह गुप्त (Confidential) रखा जाएगा। इसका इस्तेमाल सिर्फ सरकारी आंकड़ों और योजनाओं के लिए होगा। सर्वे में दिल्ली की पॉश कॉलोनियों से लेकर कच्ची बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों तक, हर छोटे-बड़े हिस्से को कवर किया जाएगा।














Click it and Unblock the Notifications