दिल्ली में भाजपा नेत्री के नाम से अश्लील वेबसाइट पर डाले फर्जी वीडियो, केस दर्ज
नई दिल्ली, 12 जुलाई: दिल्ली में भाजपा की एक महिला प्रवक्ता का नाम अश्लीलता परोसने वाली वेबसाइट पर डाला गया है। वेबसाइट पर कुछ अश्लील वीडियो भी डाले गए हैं, जिन्हें महिला प्रवक्ता का बताकर लोगों से देखने के लिए कहा गया है। इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पुलिस ने आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महिला नेत्री के नाम से वेबसाइट पर डाले फर्जी वीडियो
पुलिस के मुताबिक, बीजेपी प्रवक्ता ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दी है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने उन्हें बदनाम करने के लिए उनका नाम अश्लीलता परोस रही वेबसाइट में डाल दिया। यही नहीं आरोपियों ने कुछ फर्जी वीडियो बनाकर भी वेबसाइट पर डाले हैं। शिकायत के मुताबिक, महिला नेता को इस बात की जानकारी शनिवार देर शाम को उस समय लगी जब उनके कुछ दोस्तों ने उन्हें फोन कर बताया। दोस्तों ने बताया कि उनके नाम को सर्च करने के बाद उनका नाम अश्लीलता परोस रही वेबसाइट पर सामने आ रहा है। वेबसाइट पर फर्जी तरीके से एडिट करके कुछ अश्लील वीडियो भी डाले गए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
दोस्तों की बात सुनते ही महिला नेता ने इंटरनेट पर अपना नाम सर्च किया तो मामला सही निकला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को आईपीसी की धारा 354ए, 500, 509 और 120बी के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 और 67 भी इस मामले में लगाई है। पुलिस को शक है कि इस मामले में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications