दिल्ली के आजाद मार्केट में गिरी बिल्डिंग, 5 घायल, 6-7 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया।
नई दिल्ली, 9 सिंतबर: देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली के आजाद मार्केट इलाके में एक चार मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इस हादसे में अभी तक पांच लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पाकर फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लोगों को बचाने का काम शुरू किया गया। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पहुंची हैं। फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बिल्डिंग के मलबे में 6 से 7 लोगों को दबे होने की आशंका है।

दिल्ली फायर विभाग के अधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया, 'राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची है। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए हम लाइव डिटेक्टर की भी मदद ले रहे हैं। जहां ये हादसा हुआ है, वो गली काफी संकरी है और इस वजह से वहां तक जेसीबी नहीं पहुंच पा रही है। हम पूरी कोशिश में जुटे हैं कि मलबे के नीचे दबे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाए।'
सुबह 8:50 बजे हुआ हादसा
वहीं, उत्तरी जिले के डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 8:50 बजे हुआ। हादसे में अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है। वहीं, बिल्डिंग गिरने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। राहत और बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मौके पर फायर डिपार्टमेंट की तीन गाड़ियां हैं, जिनकी टीमें लोगों को बचाने में जुटी हैं।












Click it and Unblock the Notifications