दिल्ली के 6 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, फायर और पुलिस की टीम मौके पर
दिल्ली में आज एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि छह स्कूलों को आज सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। फायर विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। जानकारी के अनुसार सुबह 4.30 बजे पहली कॉल आई थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर की टीम मौके पर पहुंची और जांच को शुरू किया। फोन के साथ ही ईमेल के जरिए भी धमकी दी गई है।
Recommended Video
जानकारी के अनुसार ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित डीपीएस, सलवान स्कूल और कैंब्रिज स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकीभरे ईमेल में कहा गया है कि यह मेल आपको सूचित करने के लिए है कि आपके स्कूल में विस्फोटक है। आपके स्कूल में प्रवेश के समय बच्चों के बैग की जांच नहीं होती है।

बता दें कि दिल्ली में इससे पहले भी कई बार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। इसके अलावा विमान कंपनियों को भी विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। बीते कुछ समय में दिल्ली में इस तरह के कई धमकीभरे कॉल और ईमेल आ चुके हैं। हालांकि अभी तक यह सभी फर्जी साबित हुए हैं।
बता दें कि इससे पहले 8 दिसंबर को भी दिल्ली के 40 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमे आरके पुरम स्थित डीपीएस, पश्चिम विहार स्थित जीडी गोयनका स्कूल भी शामिल थे। धमकीभरे ईमेल में दावा किया गया था कि कैंपस में बम लगाए गए हैं, अगर ये फटे तो भारी नुकसान होगा। धमकी देने वाले ने ब्लास्ट को रोकने के लिए 30 हजार डॉलर की मांग रखी थी।
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने बच्चों को वापस घर भेज दिया। पुलिस और फायर की टीम को इस बारे में जानकारी दी गई। जिसके बाद पुलिस और फायर की टीम ने स्कूलों की तलाशी ली। हालांकि इस दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं प्राप्त हुआ।












Click it and Unblock the Notifications