BMW Accident:'मेरे बच्चे को मार डाला', बिलखती मां का सवाल- खून से लथपथ नवजोत को 17KM दूर अस्पताल क्यों ले गए?
Delhi BMW Accident: दिल्ली के धौला कुआं इलाके में शनिवार (13 सितंबर) को हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में वित्त मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
यह हादसा मेट्रो पिलर नंबर 57 के पास उस वक्त हुआ, जब नवजोत सिंह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर बंगला साहिब गुरुद्वारा से घर लौट रहे थे। एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए। मामले में दिल्ली पुलिस ने धौला कुआं बीएमडब्ल्यू दुर्घटना मामले के आरोपी गगनप्रीत को जीटीबी नगर स्थित न्यूलाइफ अस्पताल से हिरासत में ले लिया।

Delhi BMW Killer Eyewitness: हादसे का खौफनाक मंजर, चश्मदीद ने बताया पूरा मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीएमडब्ल्यू कार को एक महिला चला रही थी, और उसके साथ उसका पति भी मौजूद था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद पास से गुजर रही एक बस से जा भिड़ी। हादसे के बाद बीएमडब्ल्यू कार पलट गई, और नवजोत सिंह की बाइक उसके नीचे दब गई। कुछ राहगीरों ने घायलों को बचाने की कोशिश की, जबकि कुछ ने घटना का वीडियो बनाया। चश्मदीदों ने बताया कि आरोपित दंपति ने मौके पर कैब बुलाकर नवजोत और उनकी पत्नी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नवजोत को बचाया नहीं जा सका।
17 किलोमीटर दूर अस्पताल क्यों ले गए?
हादसे के बाद नवजोत सिंह और उनकी पत्नी को 17 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर के न्यूलाइफ अस्पताल ले जाया गया। परिवार ने सवाल उठाया कि पास के अस्पताल के बजाय इतनी दूर अस्पताल क्यों ले जाया गया? नवजोत को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उनकी पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। जिस वैन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, वह सामान ढोने वाली थी, और उसमें नवजोत के खून के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।

मां का दर्द: "मेरे बच्चे के साथ नाइंसाफी हुई"
नवजोत सिंह (Navjot Singh) की मां गुरपाल कौर ने रोते हुए कहा, 'मेरा बच्चा चला गया। मेरे बच्चे और बहू के साथ बहुत नाइंसाफी हुई। हादसे के बाद कोई देखभाल नहीं हुई। मेरी बहू बेहोश थी और उसे होश आने पर अस्पताल में पाया।' परिवार का आरोप है कि समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण नवजोत की जान गई।
पुलिस जांच में जुटी, बीएमडब्ल्यू जब्त
पुलिस ने बताया कि नवजोत सिंह दिल्ली के हरि नगर के रहने वाले थे और वित्त मंत्रालय, नॉर्थ ब्लॉक में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया गया है। क्राइम और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपति गुरुग्राम का रहने वाला है और हादसे में वे भी घायल हुए हैं। वे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है।

सवालों के घेरे में हादसे की परिस्थितियां
इस हादसे ने कई सवाल खड़े किए हैं। आखिर पास के अस्पताल के बजाय 17 किलोमीटर दूर ले जाने का फैसला क्यों लिया गया? क्या समय पर इलाज मिलता तो नवजोत की जान बच सकती थी? इस दुखद घटना ने सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस की जांच से इस मामले में और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- 'मैं बहुत शर्मिंदा हूं, Sorry शिंदे साहब', बीच रोड BMW खड़ी कर किया था पेशाब, अब गौरव आहूजा ने मांगी माफी












Click it and Unblock the Notifications