'मैं बहुत शर्मिंदा हूं, Sorry शिंदे साहब', बीच रोड BMW खड़ी कर किया था पेशाब, अब गौरव आहूजा ने मांगी माफी
Pune News: पुणे के शास्त्नीनगर चौक पर गौरव आहूजा नाम का शख्स अपनी BMW कार से उतरा और पब्लिक प्लेस पर पेशाब करने लगा। गौरव आहूजा की इस हरकत का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुणे पुलिस हरकत में आई और गौरव आहूजा को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े जाने से पहले गौरव आहूजा ने माफी मांगते हुए एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। वीडियो में गौरव आहूजा ने इस घटना के लिए माफ़ी मांगी है और इस तरह का व्यवहार दोबारा न करने की कसम खाई। दरअसल, गौरव आहूजा ने वीडियो जारी करते हुए कहा, 'कल की घटना के लिए मैं बहुत शर्मिंदा हूं।'

इतना ही नहीं, आगे कहा कि 'मैं पुणे, महाराष्ट्र और भारत के लोगों से माफी मांगता हूं। मैं पुलिस विभाग और (एकनाथ) शिंदे साहब से माफी मांगता हूं। कृपया मुझे माफ करें और मुझे एक मौका और दें, ऐसा दोबार कभी नहीं होगा।' मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में गौरव आहूजा ने कहा कि वह 8 घंटे के अंदर आत्मसमर्पण कर देगा।
घटना के बाद आहूजा 8 मार्च को पुणे से कोल्हापुर गया। कोल्हापुर में घुसने से पहले उसने अपनी बीएमडब्ल्यू कार रोकी और धारवाड़ की यात्रा के लिए एक अन्य वाहन किराए पर लेने में मदद के लिए एक स्थानीय ऑटो-रिक्शा चालक की सहायता ली। हालांकि, संकेश्वर पहुंचने र उसने अचानक से अपना रास्ता बदल दिया और ड्राइवर से वापस पुणे ले जाने के लिए कहा।
यरवदा लौटने पर उसने अपना माफीनामा वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो को अपने दोस्तों को भेज दिया। खबर के मुताबिक, आहूजा को पुलिस ने सतारा जिले में ट्रैक किया, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आहूजा को यरवदा पुलिस स्टेशन लाया गया। पुलिस ने कारमे मौजूद उसके दोस्त भाग्येश ओसवाल को भी पकड़ लिया।
पुलिस को ऐसा संदेह है कि घटना के वक्त दोनों दोस्त नशे में थे। फिलहाल, शराब के नशे का पता लगाने के लिए ओसवाल को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया है। वहीं, आहूजा के खिलाफ आईपीसी की धार और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि आहूजा जहां पेशाब कर रहा था, वहां कई महिलाएं मॉर्निंग वॉक करते हुए गुजर रही थीं।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि एक और युवक आगे वाली सीट पर बीयर की बोतल पकड़े हुए मुस्कुराता और जोर-जोर से बातें करता दिख रहा है। दोनों युवकों ने आसपास के लोगों की बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया। राहगीरों का कहना है कि दोनों युवक नशे में धुत लग रहे थे।
कोर्ट ने पुलिस हिरासत में भेजा
पुणे सिटी जोन 4 के डीसीपी हिम्मत जाधव ने बताया कि गौरव आहूजा और भाग्येश ओसवाल का मेडिकल टेस्ट पास हो गया है और आज दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। स्पेशल हॉलिडे कोर्ट ने दोनों आरोपियों गौरव और भाग्येश ओसवाल को कल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications