'दिल्ली के स्कूलों को धमकी के पीछे AAP', भाजपा ने लगाए आरोप, संजय सिंह ने दिया यह जवाब, पढ़िए पूरी खबर
Sudhanshu Trivedi BJP: दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच 400 स्कूलों को बम धमकी देने के मामले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। बहरहाल अब पुलिस इस मामले में बड़ी साजिश की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एक कक्षा 12 के छात्र ने 400 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भेजी थी और वह एक एनजीओ से जुड़ा हुआ है जो एक राजनीतिक पार्टी का समर्थन करता है। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि यह छात्र सिर्फ एक मोहरा है और इसके पीछे आम आदमी पार्टी का हाथ है।

बीजेपी का आरोप: AAP का NGO से गहरा संबंध
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह एनजीओ अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ था और आप से इसका गहरा संबंध है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने 2015 में अफजल गुरु की पुण्यतिथि पर 'टुकड़े-टुकड़े' के नारे लगाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।त्रिवेदी ने कहा कि कुछ महीने पहले दिल्ली के विभिन्न स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाली कॉल और मेल आई थीं, जिनकी जांच में यह सामने आया कि ये धमकी भरे ईमेल एक किशोर की आईडी से भेजे गए थे।
किशोर के परिवार का एनजीओ से संबंध
उन्होंने आगे बताया कि जांच में यह भी पता चला कि किशोर के परिवार के सदस्य ऐसे एनजीओ से जुड़े हैं, जो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं, और जिन लोगों ने अफजल गुरु की फांसी का विरोध किया था। त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि क्या यह किशोर सिर्फ एक मोहरा था, या फिर उसके अभिभावक इस गतिविधि में शामिल थे।
सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी का संबंध ऐसे कई एनजीओ से रहा है, जो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं और अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ थे। उन्होंने सवाल किया कि क्या ये एनजीओ आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं, और यदि हां, तो यह क्या संदेश देता है? त्रिवेदी ने यह भी कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के माता-पिता ने अफजल गुरु की फांसी का विरोध किया था, और इस संदर्भ में आम आदमी पार्टी से सवाल किया कि उनका इस मुद्दे पर क्या रुख है।
दिल्ली पुलिस की जांच में नया मोड़
दिल्ली पुलिस ने कहा कि हाल ही में गिरफ्तार किए गए छात्र का एक NGO से संबंध पाया गया है, जो एक राजनीतिक पार्टी का समर्थन करता है। पुलिस ने बताया कि छात्र ने 400 से ज्यादा धमकी भरे ई-मेल भेजे थे और उसके परिवार का एक सदस्य उस एनजीओ से जुड़ा हुआ था। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस मामले में किसी बड़ी साजिश का हाथ है।
बीजेपी का आरोप: चुनाव से पहले दिल्ली में माहौल बिगाड़ने की साजिश
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह संयोग नहीं है कि चुनाव से पहले दिल्ली में अशांति फैलाने के लिए ऐसा माहौल पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि AAP और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ यह मामला दिल्ली में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश हो सकती है।
संजय सिंह का बीजेपी पर तीखा हमला, कहा- चुनाव से पहले मनगढ़ंत कहानियाँ बना रही है बीजेपी
आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर जोरदार हमला किया और आरोप लगाया कि बीजेपी ने दिल्ली में हो रही धमकी की घटनाओं को राजनीतिक लाभ के लिए भुना लिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय सिंह ने बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, "अभी कुछ देर पहले दिल्ली पुलिस कमिश्नर सुधांशु त्रिवेदी को सुना होगा, जो दिल्ली पुलिस को भी नहीं पता, वो बीजेपी नेताओं को पता होता है।"
संजय सिंह का सवाल: 8-9 महीने में कोई कार्रवाई क्यों नहीं?
संजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि, "आप छोटे-छोटे बच्चों को मिल रही धमकियों पर राजनीति कर रहे हैं। आज 8-9 महीने बीतने के बाद कुछ नहीं पता चला और अब जब चुनाव को 10-15 दिन रह गए हैं, तो अचानक ऐसी बातें क्यों की जा रही हैं?" उन्होंने आरोप लगाया कि 400 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी का पहला मामला मई में सामने आया था, लेकिन 9 महीने बाद भी दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
चुनाव के नजदीक बीजेपी का 'मनगढ़ंत कहानी' का आरोप
संजय सिंह ने बीजेपी पर हमला करते हुए संजय सिंह ने कहा कि "चुनाव से 15 दिन पहले सुधांशु त्रिवेदी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं और मनगढ़ंत कहानियाँ गढ़ रहे हैं।" उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बीजेपी ने कभी दिल्ली में घटित अन्य अपराधों पर ध्यान क्यों नहीं दिया, जैसे कि रोहिणी में धमाके, जज के सामने हत्या, महिलाओं के साथ बलात्कार और गैंगवार की घटनाएँ। "इन मामलों में क्या हुआ?
पुलिस की ओर से जांच जारी
स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर मधुप तिवारी ने बताया कि स्कूलों को लगातार बम की धमकी वाले ईमेल मिल रहे थे, जिसमें हाल ही में बड़ी सफलता हासिल हुई है। उन्होंने कहा, "12 फरवरी से स्कूलों को बड़े पैमाने पर बम की धमकी वाले ईमेल मिल रहे थे। ये ईमेल बहुत ही तकनीकी तरीके से भेजे गए थे, और वीपीएन आदि के इस्तेमाल के कारण सफलता पाना आसान नहीं था।"
तिवारी ने आगे बताया कि "8 जनवरी 2025 को जब हमें आखिरी ईमेल मिला, तो हमें एक तकनीकी विंडो मिली और उसके जरिए हमने उस किशोर की पहचान की जो धमकी भरे ईमेल भेज रहा था। हमने उसके मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई और हमें पता चला कि इस बच्चे ने 400 से ज्यादा स्कूलों को ईमेल भेजे हैं।"
उन्होंने कहा, "हम जानना चाहते थे कि वह अकेला ऐसा कैसे कर सकता है, और इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। जांच के दौरान जब हमने किशोर के परिवार की प्रोफाइलिंग की, तो पाया कि उसके माता-पिता में से एक ऐसे संगठन से जुड़ा है, जिसका एक एनजीओ से गहरा संबंध है।"
यह भी पढ़ें 'PoK में आतंकी कैंप बंद करो वरना..',पाकिस्तान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कड़ी चेतावनी
तिवारी ने यह भी बताया कि "पता चला कि एनजीओ का एक खास राजनीतिक दल से गहरा संबंध है। हम जांच कर रहे हैं कि क्या किसी राजनीतिक दल से जुड़ा एनजीओ इस मुद्दे के पीछे दिल्ली में अशांति पैदा करने की कोई राजनीतिक मंशा रखता है।"
इस मामले की गहराई से जांच जारी है, और पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि क्या यह एक संगठित साजिश का हिस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications