'BJP ने किया शराब घोटाला, कारोबारी से लिया 55 करोड़ चंदा', जेल से निकलने के बाद संजय सिंह ने लगाया बड़ा आरोप
शराब नीति मामले में जमानत पर तिहाड़ जेल से बाहर आए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने खुद घोटाला किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने शराब कारोबारी से 55 करोड़ रुपये का चंदा लिया।
संजय सिंह ने कहा कि एक झूठे बेबुनियाद केस के आधार पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी हुई है। गहरी साजिश के तहत गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी ED ने TDP सांसद मंगुटा रेड्डी और उनके पिता राघव रेड्डी पर दबाव डालकर केजरीवाल के खिलाफ बयान दिलवाया है।

संजय सिंह ने कहा कि मगुंटा रेड्डी ने 3 बयान दिए, उनके बेटे राघव मगुंटा ने 7 बयान दिए। 16 सितंबर को जब मगुंटा रेड्डी से पहली बार ED ने पूछा था कि क्या वह अरविंद केजरीवाल को जानते हैं, उन्होंने सच बताया और कहा कि उनकी मुलाकात अरविंद केजरीवाल से हुई थी, लेकिन ये मुलाकात चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन के मामले में हुई थी। इसके बाद उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया और 5 महीने जेल में रखने के बाद उनके पिता ने अपना बयान बदल दिया।
संजय सिंह ने आगे कहा कि 10 फरवरी से 16 जुलाई तक राघव मगुंटा के 7 बयान लिए गए। इनमें से 6 बयानों में उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं कहा, लेकिन 16 जुलाई को 7वें बयान में उन्होंने अपना रुख बदल लिया और साजिश का हिस्सा बन गए। 5 महीने की प्रताड़ना के बाद उन्होंने अपना बयान बदल दिया और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खड़े हो गए।
संजय सिंह ने आगे कहा कि बाप-बेटे के कुल दस बयानों में सिर्फ दो अंतिम के बयान केजरीवल जी के खिलाफ लिए गए। उन्होंने कहा कि मंगुटा रेड्डी अब प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाकर चुनाव लड़ रहे हैं। दरअसल, आंध्र प्रदेश में तेलगु देशम पार्टी (TDP), NDA की सहयोगी पार्टी है।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह जब से तिहाड़ जेल से बाहर आये हैं, वो भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर हैं। संजय सिंह बीजेपी के विरोध में पहले से ज्यादा आक्रामक हो गए हैं। यही वजह है कि वो दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी और सीबीआई की कार्रवाई की कमियों को एक-एककर पब्लिक डोमेन में ला रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications