'तो आप बीजेपी को वोट दे देना', जानिए अरविंद केजरीवाल ने ऐसा क्यों कहा?
Delhi Assembly Elections: दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार में आम आदमी पार्टी संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने अरबपति दोस्तों के लाखों करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है, जबकि आम जनता के पैसे को जन कल्याण में खर्च करने के स्थान पर केवल अपने दोस्तों पर खर्च किया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की गरीब जनता से सवाल करते हुए कहा, "अगर आप 25000 रुपये का बोझ उठा सकते हो तो बीजेपी को वोट दे दो।" उन्होंने आगे कहा, "यह चुनाव सिर्फ दिल्ली को बचाने का नहीं, बल्कि देश को बचाने का चुनाव है। जनता को तय करना है कि देश और राज्य के सरकारी पैसे का सही इस्तेमाल कहां होना चाहिए।"

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप, AAP के मॉडल पर मांगा समर्थन
केजरीवाल ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि "एक ओर भाजपा का मॉडल है, जिसमें आपका पैसा अरबपति दोस्तों को कर्ज के रूप में दिया जाता है और 2-3 साल बाद उसे माफ कर दिया जाता है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी का मॉडल है, जिसमें 24 घंटे बिजली, गरीबों को मुफ्त बिजली, 24 घंटे मुफ्त पानी, और बेहतरीन इलाज शामिल है। यह आम आदमी पार्टी का कल्याण मॉडल है।"
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का मॉडल जन कल्याण पर आधारित है। उन्होंने बताया कि AAP के तहत फ्री बिजली, पानी, अच्छे स्कूल, अस्पताल और फ्री बस यात्रा जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा, गरीबों के लिए इलाज भी मुफ्त होगा और मिडिल क्लास को 2100 रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
बीजेपी को दी चेतावनी,
केजरीवाल ने चेतावनी दी कि अगर बीजेपी दिल्ली में सत्ता में आई तो फ्री इलाज, स्कूल, बस यात्रा और बिजली-पानी की सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी, जैसा कि राजस्थान में 550 स्कूल बंद कर दिए गए थे। उन्होंने कहा, "दिल्ली की गरीब जनता से पूछता हूं, क्या आप 25,000 रुपये का बोझ उठा सकते हो? अगर हां, तो बीजेपी को वोट दे दो।"
केजरीवाल ने आगे कहा, "भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग नेताओं के बयानों के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर उनकी सरकार बनती है, अगर आप कमल का बटन दबाते हैं, तो दिल्ली में दी जा रही सारी सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी क्योंकि यह उनके मॉडल के खिलाफ है।" वे रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
अरविंद केजरीवाल ने जनता से आह्वान किया कि वे आम आदमी पार्टी के मॉडल का समर्थन करें, जिसमें जनकल्याण की प्राथमिकता दी जाती है, और बीजेपी के मॉडल को नकारें, जो केवल अपने दोस्तों की जेब भरने का काम करता है।
शाह ने बोला था हमला
इससे पहले शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केजरीवाल पर जोरदार हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने जनता से किए गए सभी वादों को तोड़ दिया है। दिल्ली में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी वादों को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा था कि वे राजनीति पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन अन्ना हज़ारे का आंदोलन खत्म होते ही वे अपनी पार्टी तैयार कर चुके थे। उन्होंने शिला दीक्षित के खिलाफ मामला दर्ज करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा था कि वे गाड़ी या बंगला नहीं लेंगे, लेकिन उन्होंने चार बंगले तोड़कर 'शीश महल' बना लिया।
यह भी पढ़ें दिल्ली में AAP की सरकार बनी, तो मनीष सिसोदिया होंगे Deputy CM, अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान












Click it and Unblock the Notifications