दिल्ली में AAP की सरकार बनी, तो मनीष सिसोदिया होंगे Deputy CM, अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान
Delhi Election 2025: दिल्ली के जंगपुरा में एक सार्वजनिक जनसभा के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि आगामी दिल्ली सरकार में मनीष सिसोदिया को ही दिल्ली का उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) नियुक्त किया जाएगा। केजरीवाल ने इस दौरान कहा, "हर कोई कह रहा है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में सरकार बनाएगी और हमारी सरकार में मनीष सिसोदिया ही उपमुख्यमंत्री होंगे।"
अरविंद केजरीवाल ने जनसभा में आगे कहा, "मैंने और मनीष सिसोदिया ने रात-रात भर बैठकर दिल्ली के स्कूलों को सुधारने के लिए योजना बनाई है। आज देश के 20 राज्यों में दिल्ली जैसे स्कूल नहीं हैं। अगर बीजेपी सरकार में आई तो वे इन स्कूलों की ज़मीन अदानी को दे देंगे और स्कूल बंद कर देंगे। अगर आप चाहते हैं कि स्कूल खुले रहें तो आप हमें वोट दें, न कि बीजेपी को।"

मनीष सिसोदिया ने दिखाया आत्मविश्वास
मनीष सिसोदिया ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "अगर मैं विधायक बनता हूं, तो मैं अरविंद केजरीवाल के साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में काम करूंगा। यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि जंगपुरा के लोगों का उपमुख्यमंत्री बनने का समय है। जंगपुरा के किसी भी व्यक्ति का सरकारी दफ्तर में एक फोन कॉल ही काम करवाने के लिए काफी होगा। कोई भी सरकारी कर्मचारी जंगपुरा के उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र से आने वाले किसी व्यक्ति का फोन नहीं नकार सकेगा।"
केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया को बताया छोटा भाई
अरविंद केजरीवाल ने जंगपुरा के निवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा, "पिछले 10 वर्षों में हमें जंगपुरा से अपार समर्थन मिला है। यही कारण है कि मैंने मनीष सिसोदिया को आपके हवाले किया है। वह मेरे छोटे भाई हैं और हम मिलकर जंगपुरा में विकास को कई गुना बढ़ाएंगे। हम सभी रुके हुए कार्यों को पूरा करेंगे।"
इसके अलावा, केजरीवाल ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, "जो लोग जीरो बिजली बिल चाहते हैं, वे आम आदमी पार्टी को वोट दें, और जो भारी बिजली बिल चाहते हैं, वे बीजेपी को वोट दें। बीजेपी ने घोषणा की है कि अगर वे सरकार में आए तो वे बिजली पर सब्सिडी खत्म कर देंगे।"












Click it and Unblock the Notifications